बलिया में रामसर साइट घोषित तो हो गया सुरहाताल पर अब भी गिर रहा 30 गांवों का मल-जल
सुरहा ताल, जिसे जून में रामसर साइट घोषित किया गया था, अभी भी 30 गांवों और 5,500 से अधिक घरों ...और पढ़ें

बलिया का सुरहा ताल रामसर साइट घोषित होने के बाद भी गंदे पानी से जूझ रहा।
HighLights
सुरहा ताल जून में रामसर साइट घोषित हुआ।
30 गांवों का गंदा पानी ताल में गिर रहा।
अंतर्राष्ट्रीय दर्जा मिलने पर भी विकास नहीं हुआ।
मिलन गुप्ता, बलिया। जिला मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर उत्तर में स्थित सुरहा ताल (जयप्रकाश नारायण पक्षी विहार) इसी वर्ष जून में देश का 100वां, प्रदेश का 13वां व विश्व का 2,595वां रामसर साइट के रूप में शामिल हुआ है।
आश्चर्य की बात यह कि अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलने के छह माह बाद भी अब तक इसका न तो विकास हुआ, और न ही पर्यटन के संसाधन बढ़े। मौके पर टूटी बेंच और इसमें गिरते गंदे पानी इस ताल के लिए दाग बन गया है। एक तरफ पूरे देश में नदी, तालाब व जल स्रोतों के सफाई पर रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सुरहाताल अब भी विकास की दौड़ में पीछे है। स्थानीय विधायक व प्रशासन ने तमाम दावे किए पर धरातल पर कुछ नहीं किया गया।
करीब 10 हजार घरों का गंदा पानी पहुंच रहा ताल में
ताल के आसपास करीब 42 गांव बसे हैं। इनमें बसंतपुर, मैरीटार, ब्रह्माइन, कैथवली, डुमरी, बसुदेवपुर, परसपुर, घघरोली, सरैया, फुलवरिया, मनियारी जाटव, राजपुर, सूर्यपुरा और छोड़हर समेत अन्य गांव शामिल हैं जो नजदीक हैं। करीब 30 गांवों के दस हजार घरों से निकलने वाला गंदा पानी विभिन्न नालियों के माध्यम से सुरहाताल में पहुंच रहा है।
समस्या केवल गांवों की नालियों तक सीमित नहीं है। गंगा में बाढ़ आने पर कटहल नाले के माध्यम से पानी सुरहाताल में पहुंचता है और जलस्तर घटने पर इसी रास्ते वापस गंगा में चला जाता है। जल निगम शहरी के आंकड़ों के मुताबिक कटहल नाले में 5,500 से अधिक घरों का मल-जल भी गिरता है।
रामसर का दर्जा, लेकिन संरक्षण की चुनौती
यहां पौधों की 221 प्रजातियां (181 शाकीय पौधे, 31 वृक्ष, छह झाड़ियां, तीन लताएं), मछलियों की 66 प्रजातियां, सरीसृपों की सात प्रजातियां (गंगा का साफ्टशेल कछुआ, भारतीय फ्लैपशेल कछुआ, चेकर्ड कीलबैक सांप, पानी वाला धामन (चेकर्ड कीलबैक), जलसर्प, नाग समेत अन्य) और उभयचरों की तीन प्रजातियां शामिल हैं।
असुरक्षित श्रेणी की महत्त्वपूर्ण मछलियां यथा वालागो अट्टू तथा बागारियस बागारियस पाई जाती हैं। उक्त प्रजातियों में 45 वनस्पति प्रजातियां सीधे आर्द्रभूमि से संबंधित हैं जिनमें गंधेली, नीला गंधेली, कृष्णनील, केसुलिया, छोटी नागदौन, कंचट, जंगली सरसों, बटन बूटी, दूब घास समेत अन्य है। हालांकि इनका संरक्षण आज भी चुनौती है।
बोले प्रबुद्धजन
यदि सुरहा ताल का समुचित विकास नहीं किया गया तो पर्यावरणीय एवं पारिस्थितिकीय दृष्टि से गम्भीर दुष्परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। -डा. गणेश पाठक, पर्यावरणविद्, बलिया।
एसटीपी से जोड़कर प्रदूषण को रोका जाए। 4.99 करोड़ से अधिक की लागत से कार्य का दावा है पर धरातल पर कुछ नहीं दिख रहा। -प्रो. अशोक कुमार सिंह, मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन, श्रीमुरली मनोहर टाउन पीजी कालेज, बलिया।
बोले स्थानीय लोग
जयप्रकाश नारायण पक्षी विहार में आज भी मूलभूत सुविधा का अभाव है। पर्यटन की संभावना तो है लेकिन शासन इसके प्रति उदासीन है। -उपेन्द्र सिंह।
सुरहा ताल में पर्यटकों के बैठने के लिए कोई सुविधा नहीं है। यही पाथवे का निर्माण भी नहीं हुआ। जो पहले से है वह खस्ताहाल में है। -चंद्रमौली।
चारों तरफ कचरा है। ताल के अंदर जलकुंभी व प्लास्टिक वैसे ही दिख जाएगी। अभी तक इसका सीमांकन तक नहीं हो पाया। - अरविंद सिंह।
सर्दी शुरु होते ही हजारों साइबेरियन पक्षी सुरहाताल की तरफ आते हैं लेकिन यहां चारों तरफ से नालों से गंदा पानी गिरने से उन पर भी असर पड़ता है। -केदार गुप्ता।
सुरहाल ताल काशी वन्य जीव प्रभाग, रामनगर रेंज में आता है, ऐसे में स्थलीय निरीक्षण कर वहां का ड्राफ्ट तैयार कराया जाएगा। इसके अलावा सीमांकन भी बलिया के डीएम व एसडीएम से मिलकर कराया जाएगा ताकि गंदा पानी इसमें न गिर सके। -बी. शिवशंकर, डीएफओ, काशी वन्य जीव प्रभाग, रामनगर।
सुरहाताल व गंगा में जा रहे गंदे पानी को हर हाल में रोका जाएगा, इसके लिए अधिकारियों को भी निर्देशित किया जाएगा ताकि उचित प्लान बनाकर इस पर काम किया जाए।
-ज्ञानेंद्र सिंह, जिलाधिकारी, बलिया।
सुरहाताल व गंगा में जा रहे गंदे पानी को हर हाल में रोका जाएगा, इसके लिए अधिकारियों को भी निर्देशित किया जाएगा ताकि उचित प्लान बनाकर इस पर काम किया जाए।
ज्ञानेंद्र सिंह, जिलाधिकारी, बलिया।