बलिया में स्टाफ नर्सों की बहाली के नाम पर 22 कर्मचारियों से 23 लाख रुपये वसूलने का आरोप
बलिया में निलंबित स्टाफ नर्सों की बहाली के नाम पर वरिष्ठ लिपिक दयाशंकर वर्मा पर 22 नर्सों से 23 लाख ...और पढ़ें

बलिया में स्टाफ नर्सों की बहाली के नाम पर 23 लाख रुपये की वसूली का आरोप।
HighLights
वरिष्ठ लिपिक पर 22 नर्सों से 23 लाख वसूलने का आरोप।
नर्सों की बहाली नहीं हुई, पैसे भी वापस नहीं मिले।
लिपिक ने आरोपों को साजिश और वीडियो को AI बताया।
जागरण संवाददाता, बलिया। स्वास्थ्य विभाग में निलंबित स्टाफ नर्सों की बहाली कराने के नाम पर कथित वसूली का मामला सामने आया है। विभाग के वरिष्ठ लिपिक दयाशंकर वर्मा उर्फ दया बाबू पर 22 स्टाफ नर्सों से करीब 23 लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। इस संबंध में एक पुराना वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो की प्रामाणिकता की दैनिक जागरण पुष्टि नहीं करता है।
लखनऊ निवासी शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी तक रकम पहुंचाकर निलंबन समाप्त कराने का भरोसा देकर कर्मचारियों से अलग-अलग किस्तों में रुपये लिए गए। शिकायत के अनुसार, लखनऊ के एक होटल में पांच लाख रुपये दिए गए, जबकि करीब 15 लाख रुपये लिपिक की गाड़ी में मौजूद एक कर्मचारी को सौंपे गए।
एक अन्य कर्मचारी से भी पांच लाख रुपये लेने का आरोप है। इस तरह कुल 22 कर्मचारियों से करीब 23 लाख रुपये वसूले जाने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद न तो निलंबित कर्मचारियों की बहाली हुई और न ही कथित तौर पर ली गई रकम वापस मिली। रुपये वापस मांगने पर टालमटोल किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने यह आशंका भी जताई है कि वरिष्ठ लिपिक नवंबर में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, ऐसे में समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो रकम वापस मिलना मुश्किल हो सकता है।
लिपिक ने आरोपों को बताया साजिश, एआइ से वीडियो बनाने का दावा
वरिष्ठ लिपिक दयाशंकर वर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए इसे बदनाम करने की साजिश करार दिया है। उनका दावा है कि वीडियो एआइ की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि 15 फर्जी स्टाफ नर्सों के खिलाफ उनके द्वारा सदर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसी मामले में कुछ कर्मचारी उनसे नाराज हैं।
सीएमओ बोले, जांच के बाद होगी कार्रवाई
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अभय नारायण राय ने बताया कि फर्जी नियुक्तियों का मामला उनके कार्यकाल से पहले का है और हाईकोर्ट में विचाराधीन है। इस संबंध में हेल्थ एडी से नियुक्तियों की जानकारी मांगकर पिछले महीने अदालत को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि लिपिक पर रुपये लेने के आरोपों और प्रसारित वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि कोई स्वास्थ्यकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।