रामगोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि देने गोसाईंपुर पहुंचेंगे अखिलेश यादव, 25 सितंबर को हुआ था निधन
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव और आप नेता संजय सिंह 9 अक्टूबर को बलिया के गोसाईंपुर में पूर्व ...और पढ़ें

अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव बलिया में रामगोविंद चौधरी को देंगे श्रद्धांजलि।
HighLights
अखिलेश यादव 9 अक्टूबर को गोसाईंपुर पहुंचेंगे श्रद्धांजलि देने।
शिवपाल सिंह यादव और संजय सिंह भी प्रार्थना सभा में होंगे शामिल।
पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी का निधन 25 सितंबर को हुआ था।
जागरण संवाददाता, बलिया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री स्व. रामगोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि देने शुक्रवार को सिकंदरपुर क्षेत्र के गोसाईंपुर स्थित उनके पैतृक गांव में सपा नेताओं और समर्थकों का जमघट होगा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय नौ अक्टूबर को गोसाईंपुर पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसकी जानकारी सपा के जिला उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुशील पांडेय ‘कान्हजी’ ने दी। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव सुबह 11 बजे लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे से प्रस्थान करेंगे। इसके बाद आजमगढ़ पहुंचकर हेलीकाप्टर से करीब 11:45 बजे गोसाईंपुर हेलीपैड पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह करीब 45 मिनट तक गोसाईंपुर में रहेंगे।
इस दौरान शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त करने के साथ ही दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह देवरिया के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय भी गोसाईंपुर पहुंचेंगे।
दोनों प्रार्थना सभा में शामिल होकर रामगोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा शोक संतप्त स्वजन से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। शिवपाल सिंह यादव के नौ अक्टूबर को गोसाईंपुर पहुंचने की जानकारी पार्टी की ओर से भी दी गई है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के भी नौ अक्टूबर को गोसाईंपुर पहुंचकर प्रार्थना सभा में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
प्रार्थना सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के पहुंचने की संभावना है। रामगोविंद चौधरी का 25 सितंबर को निधन हुआ था। वह बलिया की बांसडीह और चिलकहर विधानसभा सीट से आठ बार विधायक रहे तथा प्रदेश सरकार में मंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे।
