बलिया में 100 रुपये विवाद के चक्कर में पट्टीदारों ने युवक की चाकू मारकर की हत्या
बलिया के चितबड़ागांव में 100 रुपये के विवाद में पट्टीदारों ने 28 वर्षीय आकाश की चाकू मारकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

बलिया में 100 रुपये के मामूली विवाद में पट्टीदारों ने युवक को चाकू से गोदा, मौत।
HighLights
बलिया के चितबड़ागांव में 100 रुपये को लेकर विवाद.
पट्टीदारों ने 28 वर्षीय आकाश की चाकू मारकर हत्या की.
पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
जागरण संवाददाता, चितबड़ागांव (बलिया)। नगर पंचायत चितबड़ागांव बाजार स्थित रेलवे क्रासिंग के पास झुग्गी झोपड़ी बना कर रह रहे अनुसूचित जाति के दो पट्टीदारों के बीच रविवार शाम हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामला इतना बढ़ गया कि 28 वर्षीय आकाश पुत्र सलमू की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। हमले के बाद आरोपित फरार हो गए।
आकाश के पिता सलमू के अनुसार, किसी व्यक्ति द्वारा श्राद्ध भोज में निमंत्रण के साथ 100 रुपए उन्हें रविवार शाम को दिया गया। इसी को लेकर पट्टीदार आकाश व बाबी पुत्र जवाहर ने सलमू से कहा कि यह रुपये उनको दे दो। पिछले श्राद्ध आपको मिला था, ऐसे में इस बार रुपये हम लेंगे। हालांकि सलमू ने देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद आकाश व बाबी ने सलमू को पिटना शुरु कर दिया।
बीच-बचाव में आए आकाश को बाबी ने पेट में चाकू मार दिया। जख्म इतना गहरा था कि अंतड़िया तक बाहर निकल गई। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस मंगवाकर चिकित्सालय भेजवाया जहां चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। परंपरा के अनुसार किसी व्यक्ति के घर श्राद्ध के दिन डोम जाति के लोगों को निमंत्रण दिया जाता है और उनके खाने के बाद ही यज्ञ पूरा माना जाता है।
रविवार शाम को एक व्यक्ति निमंत्रण देने आया था और साथ में 100 रुपये भी देकर चला गया। यही रुपया दोनों पक्षों के विवाद का कारण बन गया। इस संबंध में चितबड़ागांव थाना प्रभारी लालमणि सरोज ने बताया कि हत्या में शामिल आकाश और बाबी पुत्र जवाहर निवासी कस्बा चितबड़ागांव के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है।