बलिया में नाबालिक की सऊदी अरब में काम कर रहे व्यक्ति से हो रही थी शादी, खुद 1098 पर फोन कर रुकवाया
बलिया में एक 15 वर्षीय किशोरी ने अपनी शादी सऊदी अरब में रहने वाले युवक से होने से रोक दी। ...और पढ़ें

बलिया में किशोरी ने खुद 1098 पर फोन कर रुकवाया अपना बाल विवाह।
HighLights
बलिया में 15 वर्षीय किशोरी ने अपना बाल विवाह रोका।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर फोन कर मदद मांगी।
शादी सऊदी अरब में रहने वाले 25 वर्षीय युवक से तय थी।
जागरण संवाददाता, बलिया। जिले के बैरिया क्षेत्र में बाल विवाह का एक मामला सामने आया है। यहां 15 वर्षीय किशोरी ने खुद चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर फोन कर अपनी शादी रुकवा दी। किशोरी की शादी सऊदी अरब में रहने वाले 25 वर्षीय युवक से तय की गई थी। शादी बुधवार को होनी थी, लेकिन किशोरी की सतर्कता से समय रहते बाल विवाह रुक गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र पोत्सयायन के अनुसार, किशोरी को जब पता चला कि उसके स्वजन ने उसकी शादी सऊदी अरब में रहने वाले युवक से तय कर दी है, तो उसने इसका विरोध किया। परिवार के फैसले से असहमत किशोरी ने पिछले सप्ताह चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर कॉल कर मदद मांगी। उसने हेल्पलाइन को अपनी उम्र और प्रस्तावित शादी की जानकारी दी।
किशोरी की शिकायत के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया और आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद बुधवार को होने वाली शादी को रुकवा दिया गया। इस मामले ने एक बार फिर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। किशोरी द्वारा स्वयं हेल्पलाइन पर फोन कर मदद मांगना यह दर्शाता है कि जागरूकता और समय पर शिकायत से बाल विवाह जैसी घटनाओं को रोका जा सकता है।