बलिया में सड़क पर साइकिल की चेन चढ़ाते समय ट्रैक्टर-ट्राली ने कुचला, इकलौते पुत्र की मौत
नवानगर (बलिया) में साइकिल की चेन ठीक करते समय 14 वर्षीय अनिकेत कुमार को ट्रैक्टर-ट्राली ने कुचल दिया, जिससे उसकी ...और पढ़ें

बलिया में साइकिल चेन ठीक करते किशोर को ट्रैक्टर ने कुचला, इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत।
HighLights
साइकिल की चेन ठीक करते समय हुआ हादसा।
ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से किशोर की मौत।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम।
जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। दोस्तों के साथ साइकिल से घूमने निकले 14 वर्षीय अनिकेत कुमार को क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा। साइकिल की चेन उतरने पर सड़क किनारे उसे ठीक करते समय मनियर की ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल अनिकेत ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
सिकंदरपुर क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी राजकुमार का पुत्र अनिकेत सोमवार को तीन दोस्तों के साथ साइकिल से घूमने निकला था। गोसाईपुर के सामने उसकी साइकिल की चेन उतर गई। वह सड़क किनारे साइकिल खड़ी कर चेन चढ़ाने लगा।
इसी दौरान मनियर की तरफ से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोस्तों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
राेतीं बहनें बोलीं- अब किसकी कलाई पर बांधेंगे राखी...
अनिकेत तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। भाई की मौत से बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बार-बार बिलखते हुए कह रही थीं कि अब किसकी कलाई पर राखी बांधेंगे। मां मीना देवी की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। इकलौती संतान को खोने से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूरे गांव में मातम पसरा है।