पर्यावरण संरक्षण के लिए लगाए जाएंगे 35 लाख पौधे
जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें वृक्षारोपण हेतु चयनित स्थलों की अग्रिम प्रगति की समीक्षा की गई। वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत जिले में लगाए जाने वाले 35 लाख पौधों की अग्रिम तैयारी बाबत जिलाधिकारी ने सभी विभागीय प्रमुखों से बारी-बारी से जानकारी प्राप्त की।
जागरण संवाददाता, बलिया : गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में पौधरोपण अभियान की समीक्षा की गई। इस दौरान जनपद में 35 लाख पौध लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। पौध लगाने को अब तक 10 लाख गड्ढे खोदे जा चुके हैं।
जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत की अध्यक्षता में हुई बैठक में वृक्षारोपण के लिए चयनित स्थलों की अग्रिम प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी विभागीय प्रमुखों से बारी-बारी से जानकारी प्राप्त की। बताया कि वर्तमान में 40 लाख पौध मौजूद हैं। विभागों को निर्देशित किया कि पौधे प्राप्त करने वाले कर्मचारियों का नाम, पदनाम व मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण तत्काल संबंधित बीडीओ को उपलब्ध करा दिए जाएं। जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण अभियान में किसानों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। कहा कि किसानों को दिए जाने वाले पौधों की रिसीविग जरूर प्राप्त कर लें। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक पंजीकृत कृषकों को दस-दस पौधे निश्शुल्क लिए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा गैर पंजीकृत किसान भी अपने माध्यम से दस निश्शुल्क पौधे प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को अपने नजदीकी कृषि बीज भंडार या बीडीओ से संपर्क करना होगा।
डीएम ने कहा कि ग्रामसभावार 30 जून तक तत्काल गड्ढा खोदवाने का काम पूरा कर लिया जाए और चार दिन के अंदर सूचना उपलब्ध कराई जाए। हर हाल में वृक्षारोपण का कार्य 15 अगस्त तक पूरा करने का निर्देश दिया। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। बैठक में सीडीओ बद्रीनाथ सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी अविनाश पाडेय, एएसपी विजय पाल सिंह के अलावा सभी बीडीओ मौजूद थे