बलिया में मकान की छत पर मिला 12 फीट लंबा अजगर, युवकों ने किया रेस्क्यू
बलिया के बेल्थरा बाजार गांव में एक मकान की छत पर 12 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय युवकों ने वन विभाग के पहुंचने से पहले ही सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित सौंप दिया।
HighLights
बलिया में मकान की छत पर 12 फीट अजगर मिला।
मकान मालकिन के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए।
स्थानीय युवकों ने वन विभाग से पहले अजगर का रेस्क्यू किया।
जागरण संवाददाता, बेल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा बाजार गांव में सोमवार की देर शाम उस समय खलबली मच गई, जब एक मकान की छत पर करीब 12 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। उसे देखते ही मकान मालकिन और स्वजन घबरा गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। उषा राजभर सोमवार शाम करीब आठ बजे किसी काम से मकान की छत पर गई थीं।
वहां विशालकाय अजगर देखकर वह घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर गांव के कई युवक मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पूर्व प्रधान सतीश गुप्ता ने उभांव इंस्पेक्टर अनिल कुमार उपाध्याय और वन विभाग को मामले से अवगत कराया। वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही गांव के युवकों ने सावधानीपूर्वक अजगर को रेस्क्यू कर बड़े बोरे में बंद कर दिया।
कुछ देर बाद पहुंची वन विभाग की टीम के कर्मचारी आनंद द्विवेदी और विनय राजभर को युवकों ने अजगर सौंप दिया। अनुमान है कि गांव सरयू नदी के किनारे बसा होने के कारण अजगर झाड़ियों के रास्ते मकान की छत तक पहुंच गया होगा। रेस्क्यू अभियान में रिंकू गुप्ता, विंध्याचल शर्मा, आकाश साहनी, दीपक गुप्ता, रोशन राजभर और अभिषेक राजभर सहित कई युवक शामिल रहे।