नहीं छंटे बादल, सर्द हवा का रहा जोर
बलिया : मौसम अब भी अनिश्चितता का खेल खेल रहा है। बुधवार को भी स्थिति कुछ ऐसी ही रही। सुबह 11 बजे तक
बलिया : मौसम अब भी अनिश्चितता का खेल खेल रहा है। बुधवार को भी स्थिति कुछ ऐसी ही रही। सुबह 11 बजे तक धूप खिली रही लेकिन उसके बाद आसमान में बादलों का उमड़ना-घुमड़ना शुरू हो गया और भगवान भाष्कर के दर्शन शाम तक नहीं हुए। पूरे दिन सर्द हवा अपना जोर दिखाती रहीं।
मंगलवार रात बूंदाबांदी का जो सिलसिला प्रारंभ हुआ वह अगले दिन सुबह तक जारी रहा। करीब दस बजे धूप खिल गई तो लगा मौसम में अब सुधार होगा लेकिन कुछ देर बाद भी आसमान में बादल छा गए। इसके बाद शुरू हुआ सर्द हवा का जोर। जनपद के कतिपय क्षेत्रों में दिन में भी फुहारें पड़ीं। दूसरी ओर बरसात के चलते नगर की सड़कों पर आवागमन मुश्किल हो गया है। सड़कों पर कीचड़ से लोग गिरते-फिसलते गंतव्य तक पहुंचे।
किसानों के खिले चेहरे
सुखपुरा (बलिया) : क्षेत्र में दो तीन दिनों से जारी बूंदाबांदी से जहां आम आदमी की दिनचर्या प्रभावित है वहीं किसानों के चेहरे खिले हैं। खेतों में फसल लहलहा रही हैं। बारिश के कारण किसानों को सिंचाई के नाम पर अपनी जेबें भी ढीली नहीं करनी पड़ रही है। दूसरी तरफ साग सब्जी को भी काफी फायदा इस बूंदाबांदी से हो रहा है। प्रमुख सब्जी उत्पादक किसान रवींद्र नाथ वर्मा ने बताया कि सब्जियों में आलू, गोभी, चना पालक, टमाटर जैसी फसलों को इस बूंदाबांदी ने ऊर्जा प्रदान करने का कार्य किया है।