शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, अब दे रहा धमकी
पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को भेजा शिकायती पत्र
संसू, बहराइच : पयागपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला को शादी का झांसा देकर उसका देवर कई महीने दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान महिला गर्भवती हो गई। अब शादी का दबाव बनाने पर आरोपित जानमाल की धमकी दे रहा है।
महिला का आरोप है कि उसका देवर उसे झांसे में लेकर दुष्कर्म करता रहा। उससे शादी कर अपने साथ रखने की बात कहकर जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला के गर्भवती होने के बाद जब देवर से शादी करने की बात कही गई तो उसने जबरन गर्भपात कराने की कोशिश की। विरोध करने पर जानमाल की धमकी दी। पीड़िता ने एसओ, एसपी समेत अन्य पुलिस उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक ऐसा कोई मामला उनकी जानकारी में नहीं है। अगर पीड़ित महिला तहरीर देगी तो उसे इंसाफ दिलाया जाएगा।