निर्माणाधीन कांपलेक्स की दीवार ढही, मजदूर की दबकर मौत
बहराइच : बुधवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के छोटी बाजार स्थित एक निर्माणाधीन काम्पलेक्स की दीवा
बहराइच : बुधवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के छोटी बाजार स्थित एक निर्माणाधीन काम्पलेक्स की दीवार अचानक ढह गयी। दीवार ढहते ही मौके पर भगदड़ मच गई। मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर मलबे में दबे मजदूर के शव को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के चिलवरिया निवासी लवकुश (20) पुत्र काशीराम नगर कोतवाली क्षेत्र के कानूनगोपुरा पुलिस चौकी के छोटी बाजार में निर्माणाधीन कांपलेक्स में मजदूरी के लिए आए थे। कांपलेक्स घंटाघर चौक तांगा स्टैंड के गली निवासी अनिल गुप्ता द्वारा बनवाया जा रहा है। मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कांपलेक्स की एक दीवार ढह गयी। दीवार के मलबे में लवकुश समेत तीन मजदूर दब गए। दीवार गिरने ही मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी और मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू कर दिया। लवकुश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूरों को गंभीरावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर दमकल कर्मी भी मौके पर रवाना हुए, लेकिन लोगों का आक्रोश देख पुलिस ने दमकल कर्मियों को कानूनगोपुरा पुलिस चौकी से ही वापस कर दिया। कोतवाल अटल बिहारी ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर भी नहीं मिली है।