मिट्टी की दीवार ढही, पिता की मौत, दो बच्चे गंभीर
- बारिश के बीच रात में सोते समय ऊपर गिरी दीवार सीएचसी में बचे भर्ती
बहराइच : बारिश से बाढ़ ही नहीं कच्चे मकान भी धराशायी हो रहे हैं। जरवलरोड थाना क्षेत्र के कुर्मिनपुरवा में मिट्टी की दीवार ढह गई। इसके नीचे पिता-पुत्र समेत तीन लोग दब गए। जब तक सो रहे परिवारजन उठकर मलबे को हटाते पिता की मौत हो गई। घायल दोनों बच्चों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
ग्राम जतौरा के कुर्मिनपुरवा में शुक्रवार देर रात सुरेश वर्मा अपने दो पुत्रों के साथ बरामदे में सो रहे थे। देर रात बारिश के दौरान मिट्टी की दीवार भरभरा कर ढह गई । इसके नीचे तीनों दब गए। शोर मचाने पर पड़ोस के अन्य लोग एकत्र हो गए। जब तक दीवार के मलबे को हटाकर दबे लोगों को निकाला जाता, सुरेश की मौत हो गई। 10 वर्षीय प्रदीप व सात वर्षीय संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है।