दो सगी बहनों ने घाघरा नदी में लगाई छलांग, मौत
हरदी थाना क्षेत्र के चहलारीघाट पुल से शनिवार को दोपहर बाद दो सगी बहनों ने घाघरा नदी में छलांग लगा दी। दोनों की डूबकर मौत हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों बहनों के शवों को बाहर निकाला। घटना का कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
संसू, महसी(बहराइच) : हरदी थाना क्षेत्र के चहलारीघाट पुल से शनिवार को दोपहर बाद दो सगी बहनों ने घाघरा नदी में छलांग लगा दी। दोनों की डूबकर मौत हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों बहनों के शवों को बाहर निकाला। घटना का कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
गंगापुरवा की रीना (22), रिका (19) पुत्री सीताराम दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थी। घाघरा नदी पर बने चहलारीघाट पुल पर पहुंचकर दोनों बहनों ने पिलर संख्या पांच से नदी में छलांग लगा दी और डूबने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोग जब तक उन्हें निकालने का प्रयास करते, दोनों की डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने शवों को नदी की धारा से बाहर निकाला। पुलिस को सूचना दी। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रभारी निरीक्षक शिवानंद प्रसाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना का कारण पता करने में पुलिस जुटी हुई है। मां मझिला व भाई प्रेमशंकर ने पुलिस को बताया कि दोनों बहने एक साथ घर से दवा लेने की बात कहकर पड़ोस के भगवानपुर कस्बे के लिए निकली थी। इसके बाद लोगों से दोनों के डूबने की खबर मिली। दोनों बेटियों की डूबकर हुई मौत के बाद मां रोते-बिलखते बदहवास है। सदमे में कई बार बेहोश भी हुई। होश आने पर मां ने बताया कि घर में कोई विवाद नहीं था। पुलिस घटना की असलियत खंगालने में जुटी है। घाघरा नदी में डूबी दोनों बहने अभी अविवाहित थीं। मां ने बताया कि बहनों से बड़ा एक भाई है। उसकी भी अभी शादी नहीं हुई है।