Bahraich: लखीमपुर हाईवे पर विशालकाय पेड़ गिरने से 3 घंटे आवागमन ठप, ग्रामीणों की मदद से वन कर्मियों ने हटाया
बहराइच में लखीमपुर हाईवे पर देर रात एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिरने से आवागमन ठप हो गया। घटना की सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से सड़क से तीन घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ को हटाया। जिससे आवागमन फिर से चालू हो सका।
बहराइच, जेएनएन। लखीमपुर हाईवे पर तहसील मोतीपुर अंतर्गत मिहींपुरवा-बिछिया के बीच बिछिया वन बैरियर के निकट मोटे बाबा नामक स्थान के पास शाम 6 बजे के करीब अचानक एक गूलर का विशालकाय पेड़ गिर गया। पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिरने से अवागमन बाधित हो गया। पेड़ गिरने से दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। इस बीच ढेरों बाइक, चार पहिया वाहन व निजी सवारी बस फंसे रहे।
आवागमन कर रहे लोगों को मजबूरन घने जंगल में ही पेड़ हटने तक समय गुजारना पड़ा। इस दौरान स्थानीय कुछ लोगों की मदद से वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर पेड़ को काटकर रास्ते से हटाया। जिसके बाद आवागमन पुनः शुरू हो सका। पेड़ गिरने की वजह से लगभग तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
लोगों ने की मदद तो हटा पेड़ और खुल सका जाम
मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया। सूचना पर वनग्राम बिछिया से समाजसेवी जंग हिंदुस्तानी, सरोज गुप्ता, फरीद असांरी, सगीर अंसारी, जमील अंसारी आदि ने पेड़ को सड़क से हटाने में वन कर्मियों की मदद की।