सामुदायिक संघर्ष में चले ईंट-पत्थर, आगजनी
लाठियां चटकने से तीन घायल दो पक्षों के 17 लोगों पर मुकदमा दर्ज
संसू, महसी (बहराइच) : बौंडी थाना क्षेत्र के भदवानी गांव में सोमवार की देर रात आम बीनने के विवाद को लेकर दो समुदायों में जमकर संघर्ष हुआ। ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चले। आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया। इसमें तीन लोगों को चोटें आई हैं। दोनों पक्षों की तहरीर पर 17 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिसबल तैनात किया गया है।
थाना क्षेत्र के भदवानी गांव में आम बीनने को लेकर दो समुदाय के बच्चों में विवाद हुआ। गांव निवासी अजयपाल सिंह की माने तो देर रात हमीद अपने साथियों के लाठी-डंडे से लैस होकर लेकर पहुंचे और भाई परमजीत से मारपीट पर उतर आए। दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चले। मारपीट में परमजीत सिंह, यशकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने उनके छप्पर को आग के हवाले कर दिया।
दूसरी ओर रफीकुन बानो ने पुलिस को तहरीर देकर विपक्षियों पर मारपीट करने व छप्पर फूंकने का आरोप लगाया है। सूचना पर सीओ महसी शंकरप्रसाद ने घटनास्थल का जायजा लिया। एसओ सुभाषचंद्र सिंह ने बताया कि अजयपाल की तहरीर पर हमीद, सगीर, अब्दुल कलाम, फुरकान, आरिफ समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राण घातक हमला करने, घर में घुसकर मारपीट, बल्वा, छप्पर जलाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। रफीकुनबानो की तहरीर पर अजयपाल, अमित समेत आठ लोगों के खिलाफ मारपीट व छप्पर जलाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया है।