शोभायात्रा के साथ शुरू होगी रामलीला
दशहरा में आकर्षक होगी आतिशबाजी संसू बहराइच शहर के झिगहाघाट स्थित रामलीला मैदान पर 29 सितंबर से श्रीरामलीला का मंचन शुरू होगा। पहले दिन शोभायात्रा निकाली जाएगी। दशहरा में आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र होगी।
संसू, बहराइच : शहर के झिगहाघाट स्थित रामलीला मैदान पर 29 सितंबर से श्रीरामलीला का मंचन शुरू होगा। पहले दिन शोभायात्रा निकाली जाएगी। दशहरा में आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र होगी।
श्री मर्यादा पुरुषोत्तम रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल ने बताया कि शहर के पंचायती मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम को नारद मोह व मनु सतरूपा की लीलाओं का मंचन होगा। 30 सितंबर को श्रीराम जन्म, विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध, मारीच वध होगा। एक अक्टूबर को अहिल्या उद्धार व नगर दर्शन, दो को पुष्प वाटिका, धनुष भंग, सीता स्वयंवर, लक्ष्मण-परशुराम संवाद का मंचन किया जाएगा। तीन अक्टूबर को भगवान राम वनवास, केवट संवाद, चार को सुमंत वापसी, दशरथ मरण, पांच को श्रीराम प्रतिज्ञा, सूर्पणखा रुदन व सीता हरण का मंचन होगा। छह अक्टूबर को जटायू उद्धार, बालि वध, शबरी प्रेम व लंकादहन होगा। सात को अंगद-रावण संवाद का मंचन किया जाएगा। आठ को दशहरा मेला होगा। इसमें आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। 11 अक्टूबर को पीपल चौराहा से भरत-मिलाप जुलूस निकाला जाएगा। 12 को राजतिलक व भजन संध्या का आयोजन होगा। 13 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि रामलीला महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।