IPS के बाद राजनीति में सक्रिय हुए जुगुल किशोर तिवारी, सर्व सनातन पार्टी से साथ भर रहे हुंकार
Sarv Sanatan Party: सर्वजन सनातन पार्टी ने इस दौरान उत्तर प्रदेश की राजनीति में विशिष्ट स्थान बनाने को लेकर हुंकार भरी है।

पद संभालते ही सक्रिय हुए जुगुल किशोर तिवारी ने सोमवार को बहराइच में बैठक की
HighLights
बहराइच में सर्व सनातन पार्टी की सभा में UGC और हिंदुत्व के मुद्दों पर रखे विचार
उत्तर प्रदेश में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी सर्व सनातन पार्टी
सर्वजन सनातन पार्टी ने बहराइच में जारी किया अपना नीतिगत संकल्प
जागरण संवाददाता, बहराइच। पर्व आईएएस अधिकारी राम बहादुर और दिव्या मित्तल के बाद अब उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी रहे जुगुल किशोर तिवारी भी राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। उनको सर्वजन सनातन पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पद संभालते ही सक्रिय हुए जुगुल किशोर तिवारी ने सोमवार को बहराइच में बैठक की, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सीबीआई निदेशक एम नागेश्वर राव भी मौजूद थे।
सर्वजन सनातन पार्टी ने इस दौरान उत्तर प्रदेश की राजनीति में विशिष्ट स्थान बनाने को लेकर हुंकार भरी है। पूर्व IPS अधिकारी जुगुल किशोर तिवारी ने सोमवार को बहराइच में एक सभा को संबोधित किया। सर्वजन सनातन पार्टी संग सक्रिय राजनीति में एंट्री करने वाले जुगुल किशोर को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष CBI पूर्व निदेशक नागेश्वर राय हैं। पार्टी प्रदेश में UGC के विरोध और हिंदुत्व के मुद्दों पर हुंकार भर रही है। इसके साथ ही तय किया गया है कि पार्टी उत्तर प्रदेश की 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
बहराइच में सोमवार को अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के प्रदेश अध्यक्ष दीपक त्रिवेदी और अधिवक्ता बाबूराम त्रिपाठी के संचालन में हुए कार्यक्रम में अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। इस बैठक में पार्टी नेताओं ने सभी के लिए निश्शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया। इस दौरान पार्टी की ओर से यूजीसी विनियम व एससी-एसटी एक्ट को निरस्त करने, जाति आधारित कानून समाप्त करने तथा योग्यता व सामाजिक न्याय के आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग उठाई गई। किसानों के मुद्दे पर पार्टी नेताओं ने प्रति एकड़ न्यूनतम 1.50 लाख रुपये वार्षिक आय की गारंटी देने और कम आय होने पर सरकार से भरपाई करवाने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही गौमाता को राज्यमाता का संवैधानिक दर्जा देने और गोमांस निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात भी कही गई।
इससे पहले बस्ती में पूर्व IPS जुगुल किशोर ने यूजीसी एक्ट पर जमकर हमला बोला था और कहा था कि नेताओं से सवाल पूछो, लेकिन वोट मत दो। जुगुल किशोर यहां पर मेधा पार्टी के यूजीसी रेगुलेशन-2026 और एससी-एसटी एक्ट रिफॉर्म के विरोध में सत्याग्रह में पहुंचे थे। पूर्व आईपीएस जुगुल किशोर तिवारी ने आंदोलन को समर्थन देते हुए लोगों से इस एक्ट का विरोध करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन व्यर्थ नहीं जाएगा।
अभी जो लोग इस एक्ट के बारे में नहीं जान रहे हैं उन्हें इसके बारे में जानना चाहिए। यह जिस दिन लागू कर दिया गया उस दिन यह आंदोलनकारी लोगों को याद आएंगे। तब इतना आसान नहीं रहेगा। लोगों को मुखर होकर इस एक्ट का विरोध करना चाहिए। जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछे जाने चाहिए और समाज को बांटने वाले ऐसे जनप्रतिनिधियों का बहिष्कार वोट न देकर करना चाहिए।
जुगल किशोर तिवारी उत्तर प्रदेश कैडर के 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं, जो डीआईजी (फायर सर्विसेज) के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। जुगुल किशोर तिवारी गाजीपुर, बांदा, वाराणसी, इलाहाबाद, लखनऊ, चित्रकूट और बहराइच में एसपी सहित विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। चित्रकूट के पाठा जंगलों में डकैत घनश्याम केवट के एनकाउंटर और माफिया अतीक अहमद के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई को लेकर वे सुर्खियों में रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।