डीएम-एसपी ने समझाया, फिर माने नेपाली कामगार
रुपईडीहा बार्डर पर पिछले 72 घंटों से अपने वतन वापसी की जिद कर रहे नेपाली कामगार आखिरकार देर रात डीएम व एसपी की पहल के बाद शांत हुए। सभी को नानपारा तहसील क्षेत्र के अलग-अलग क्वारंटाइन शेल्टरों में शिफ्ट किया गया।
बहराइच : रुपईडीहा बार्डर पर पिछले 72 घंटों से अपने वतन वापसी की जिद कर रहे नेपाली कामगार आखिरकार देर रात डीएम व एसपी की पहल के बाद शांत हुए। सभी को नानपारा तहसील क्षेत्र के अलग-अलग क्वारंटाइन शेल्टरों में शिफ्ट किया गया। इसके बाद बार्डर पर तैनात की गई पीएसी हटाई गई।
मुंबई, हरियाणा, दिल्ली समेत विभिन्न प्रांतों से वतन वापसी के लिए नेपाली कामगार रुपईडीहा बार्डर पर पहुंचे। इन सभी कामगारों ने रुपईडीहा थाने के पास डेरा जमा दिया और नेपाल जाने की जिद पर अड़ गए। इसको लेकर उनकी एसएसबी के जवानों से झड़प हुई। मामले को देखते हुए पीएसी बुलाई गई थी। रात करीब आठ बजे डीएम शंभु कुमार, एसपी विपिन कुमार मिश्र अन्य अधिकारियों के साथ बार्डर पर पहुंचे। नेपाली कामगारों को सात दिन क्वारंटाइन होने के बाद नेपाल के अधिकारियों से वार्ता कर भेजने का आश्वासन दिया गया। डीएम की पहल के बाद कामगार शांत हुए। उन्हें आसपास के क्वारंटाइन शेल्टरों में शिफ्ट कराया गया।