किसानों की समस्याओं को लेकर सपा का प्रदर्शन
जासं बहराइच धान किसानों की समस्या को लेकर शुक्रवार को सपा ने प्रदर्शन किया
जासं, बहराइच: धान किसानों की समस्या को लेकर शुक्रवार को सपा ने प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व समाजवादी छात्रसभा के पूर्व जिलाध्यक्ष नंदेश्वरनंद यादव ने किया।
यादव ने कहा कि बहराइच में किसान धान की फसल आठ सौ रुपये प्रति क्विटल बिचौलिए के हाथ बेचने को विवश हैं। क्रय केंद्रों पर नमी के नाम कटौती कर लूट की जा रही है। किसानों पर पराली जलाने के नाम पर मुकदमे लिखे जा रहे हैं, जबकि चीनी मिल की राख आसपास के गांवों में उड़ती है, उस पर मुकदमा नहीं लिखा जाता है। भाजपा सरकार सिर्फ किसानों का शोषण करने में लगी है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सपा नेता राकेश ने किसानों का शोषण बंद न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। उपाध्यक्ष वीरेंद्र वाल्मीकि ने कहा कि किसानों के धान का मूल्य अविलंब दिलाने तथा क्रय केंद्रों पर सही खरीद की मांग की। प्रदर्शनकारियों में मोहम्मद सैफ, धनीराम यादव, बाबू खान, अनिल वर्मा, रिजवान अंसारी, सुनील पाल, रिजवान खान, अनिल वर्मा, प्रशांत गुप्त, सज्जन खान, मनीष पांडे उपस्थित रहे।