विधायक ने भिरवा में रखी राजकीय पॉलीटेक्निक की आधारशिला
चार एकड़ भूमि में बनेगा भवन दो वर्षों में बनकर होगा तैयार
संसू, महसी(बहराइच) : मुख्यमंत्री के त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत स्वीकृत राजकीय पॉलीटेक्निक की आधारशिला मंगलवार को विधायक सुरेश्वर सिंह ने भिरवा गांव में रखी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर निर्माण कार्य का आरंभ किया। इससे क्षेत्र के 150 गांवों के युवाओं को तकनीकी शिक्षा हासिल करने में मदद मिलेगी। निर्माण कार्य का जिम्मा उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को सौंपा गया है।
महसी में लंबे अरसे से तकनीकी शिक्षा संस्थान के स्थापना की मांग चल रही थी। विधायक सुरेश्वर सिंह ने शासन को पत्र लिखा। मुख्यमंत्री ने पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थापना को मंजूरी दी। तहसील प्रशासन ने तेजवापुर ब्लॉक के भिरवा गांव के पास चार एकड़ जमीन उपलब्ध कराई। विधायक ने कहा कि इससे तराई के युवाओं को तकनीकी शिक्षा हासिल करने में मदद मिलेगी। तकनीकी तौर पर दक्ष युवा स्वावलंबी बनेंगे। निर्माण निगम लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक पंकज चोपड़ा ने बताया कि कॉलेज भवन के निर्माण में 1821.43 लाख खर्च होंगे। निर्माण कार्य जून 2022 में पूरा कर लिया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, अखंड प्रताप सिंह, अंकित सिंह, जिला पंचायत सदस्य भरतलाल पांडेय, ओंकारनाथ श्रीवास्तव, सर्वजीत सिंह गुड्डू, शशिकांत त्रिपाठी, संजय त्रिवेदी, संतराम पांडेय, रामकुमार वाजपेयी, विनीत जायसवाल, अरविद वर्मा, प्राचार्य बीआर वर्मा, गौरव वर्मा मौजूद रहे।