'50 करोड़ नाय, 50 पैसा न देब बाबा जी', बृजभूषण शरण सिंह ने कसा बाबा रामदेव पर तंज
बाबा रामदेव और बृजभूषण शरण सिंह के बीच पतंजलि घी को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है, जिसमें बृजभूषण ...और पढ़ें

HighLights
बाबा रामदेव और बृजभूषण शरण सिंह में जुबानी जंग तेज।
पतंजलि घी को नकली बताने पर मानहानि का मुकदमा।
बृजभूषण बोले, '50 करोड़ नहीं, 50 पैसा न देब'।
जागरण संवाददाता, बहराइच। पतंजलि ब्रांड के उत्पाद तैयार करने वाले बाबा रामदेव और भाजपा नेता व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच जुबानी तकरार तेज हो गई है। पतंजलि के घी को नकली बताने पर बाबा रामदेव ने पूर्व सांसद पर मानहानि का मुकदमा कर रखा है। शनिवार को एक कार्यक्रम में ब्रजभूषण ने कहा, हमारे ऊपर मानहानि का मुकदमा दायर किया है, जो होगा वो देखेंगे।
बोले- 50 करोड़ नाय, हम 50 पैसा न देब बाबा जी! तोहार नकली घी पहलेव रहा, आजेव हौ और आगेव रही। शहर स्थित गोनार्द लान में प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद पत्रकार वार्ता में बाबा रामदेव पर तंज कसते हुए कहा कि बात सिर्फ उनकी नहीं है।
हम सभी मिलावटी व नकली सामान बनाने वालों का विरोध करते हैं। वह मिलावटी सामान बनाने के मामले में सभी के सम्राट हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने हमारे ऊपर मानहानि का मुकदमा दायर किया है, जो होगा वो देखेंगे। ये केवल पतंजलि घी का सवाल नहीं है। गांव-गांव में नकली पनीर, हर चौराहे पर दुकानें खुली हुई हैं। वह बोरे में सामान रखते हैं। आप 10 क्विंटल का आर्डर दीजिए। 10 क्विंटल पनीर आपको उपलब्ध हो जाएगा।
