विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खुद का बिजनेस शुरू करने का बड़ा मौका: बिना गारंटी के 5 लाख तक का लोन दे रही यूपी सरकार, ऐसे करें आवेदन

Published: Wed, 02 Sep 2026 04:25 PM (IST)

सरकार मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दे रही है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. युवाओं को 5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण।

  2. ट्रैक्टर, मसाला मिल, आटा चक्की के लिए लाभ।

  3. योजना में 10% वित्तीय सब्सिडी भी मिलेगी।

जागरण संवाददाता, बहराइच। युवाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत महत्वाकांक्षी योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत युवाओं को ट्रैक्टर आधारित मिनी मसाला मिल, आटा चक्की एवं ट्राली का लाभ मिलेगा।

युवाओं को अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये तक का लोन बिना किसी गारंटी के और 100 प्रतिशत ब्याज मुक्त उपलब्ध कराया जा रहा है। कुल पांच लाख रुपये की परियोजना राशि में 4,95,000 टर्म लोन (4,05,000 का ट्रैक्टर, 90000 की चक्की) के रूप में और पांच वर्किंग कैपिटल (सीसी) के तौर पर स्वीकृत किए जाएंगे।

21 से 40 वर्ष के लोगों को ही मिलेगा लाभ

इसके साथ ही सरकार द्वारा लाभार्थियों को 10 प्रतिशत की वित्तीय सब्सिडी (यानी 50 हजार रुपये की सीधी छूट) भी दी जाएगी। आवेदक को 10 प्रतिशत 50 हजार रुपये स्वयं के अंशदान के रूप में दिया जाएगा। आवेदक द्वारा ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

यह भी पढ़ें- यूपी में बुनकरों को मिलेगा बड़ा सहारा, सरकारी खरीद से सशक्त होगी हथकरघा परंपरा

आवेदन के साथ फोटो और अन्य जरूरी अभिलेख के साथ प्रोजेक्ट रिपोर्ट और डीलर/विक्रेता का कोटेशन देना होगा। आठवीं पास 21 से 40 वर्ष के लोगों को ही लाभ मिलेगा। डीएम ने एनआरएलएम, कृषि, उद्यान, पंचायती राज, ग्रामोद्योग, बीडीओ, सभी बैंकर्स, नाबार्ड आदि को 50-50 आवेदन का लक्ष्य सौंपा है और पोर्टल पर आवेदन कराने को निर्देशित किया है। अन्य जानकारी के लिए उद्योग विभाग के कार्यालय में संपर्क करना होगा।

योजना के तहत ट्रैक्टर व इससे जुड़ी अन्य मशीनरी बैंक से ऋण उपलब्ध कराकर दी जाएगी। 10 फीसद सब्सिडी मिलेगी। लाभार्थी को महिंद्रा और स्वराज कंपनी के ट्रैक्टर मिलेंगे।

                                                                               केशव राम वर्मा, उपायुक्त उद्योग