विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहराइच में जलपरी शो के दौरान एक्वेरियम का शीशा टूटा, 10 बच्चे घायल; दो की हालत गंभीर

Published: Tue, 03 Nov 2026 04:00 PM (IST)

बहराइच के दादा मियां मेले में बिना अनुमति लगे जलपरी शो के एक्वेरियम का शीशा टूटने से 10 लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चों की हालत गंभीर है।

जलपरी शो के दौरान एक्वेरियम का शीशा टूटा।

जलपरी शो के दौरान एक्वेरियम का शीशा टूटा।

जागरण संवाददाता, बहराइच। कस्बे में चल रहे तीन दिवसीय दादा मियां मेला में सोमवार देर रात बिना परमिशन के लगे जलपरी शो के एक्वेरियम का शीशा अचानक पानी के दबाव के चलते टूट गया । हादसे में करतब दिखा रही युवती और तीन बच्चों समेत 10 लोग घायल हो गए।

घायलों में दो की हालत गंभीर देख उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घटना से मेले में अफरा-तफरी मच गई। मामले में कमेटी अध्यक्ष समेत सात लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। घटना को लेकर अब कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

फखरपुर में हर वर्ष तीन दिवसीय दादा मियां मेला का आयोजन किया जाता है। आयोजक द्वारा इसमें बिना परमिशन के जलपरी शो भी दिखाया जा रहा था। मेले के दूसरे दिन सोमवार रात गल्ला गोदाम परिसर में तीन मिनट के नाम से जलपरी शो भी दिखाया जा रहा था।

इस दौरान पानी भरे एक्वेरियम कई युवतियां करतब दिखा रहीं थीं। पानी का दबाव अधिक होने से अचानक एक्वेरियम का शीशा टूट गया।

इसकी चपेट में आकर करतब दिखा रही युवती समेत खालिदपुर निवासी 11 वर्षीय सादिक, 10 वर्षीय फहाद ,माधवपुर निवासी 10 वर्षीय अर्श, 28 वर्षीय कलीम, 30 वर्षीय कैसरुन समेत 10 लोग घायल हो गए। घायलों में सादिक और फहाद की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।

थानाध्यक्ष राम कुमार राजभर ने बताया कि बिना परमिशन के शो का आयोजन किया जा रहा था, सुरक्षा व्यवस्था में रहे उपनिरीक्षक अनिल यादव की तहरीर पर हुजूरपुर के गाजीपुर शिवरहा निवासी चांद बाबू, कैसरगंज के एनी निवासी फैय्याज, बिहार बेतिया निवासी राहुल पटेल, शादाब, नदीम, रिजवान खान व मेला कमेटी अध्यक्ष वाजिद अली पर गंभीर धाराओं में मुकदमा लिखा गया।

अध्यक्ष बोले- नहीं थी परमिशन

कमेटी अध्यक्ष वाजिद अली ने बताया कि मेले में जलपरी का शो दिखाने वालों व झूला वालों ने कोई परमिशन नहीं ली थी। मेले की तरफ से भी कोई परमिशन नहीं दी गई थी। मेला कमेटी से उससे कोई लेना-देना नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।