विकास का आइना दिखा रहीं बदहाल सड़कें
बहराइच फखरपुर क्षेत्र में बदहाल सड़कें राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं
बहराइच : फखरपुर क्षेत्र में बदहाल सड़कें राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। यह सड़कें गांवों को विकास का आइना दिखा रही हैं। सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं। गिट्टियां उजड़ चुकी हैं। इसके बाद भी सड़क मरम्मत के लिए जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
फखरपुर सीएचसी से टेंडवा महंत जाने वाले मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। राजेश कुमार शुक्ल, अवधनरेश शुक्ल, सुभाष चंद्र, अभय राज ¨सह समेत अन्य लोगों ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले जिला पंचायत की ओर से सड़क की मरम्मत कराई गई थी। इसके बाद से इस पर कोई कार्य नहीं हुआ। अब यह मार्ग खस्ताहाल हो गया है। आए दिन राहगीर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। यही हाल फखरपुर चौराहे से बाजार जाने वाले मार्ग का है। डफरापुर मार्ग, बीबीपुर, बुबकापुर मार्ग भी बदहाल है।