अग्निकांड में आठ आशियाने खाक, लाखों का नुकसान
महसी/विशेश्वरगंज(बहराइच): जिले के अलग-अलग स्थानों पर लगी आग में लाखों की संपत्ति जलकर राख
महसी/विशेश्वरगंज(बहराइच): जिले के अलग-अलग स्थानों पर लगी आग में लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड पीड़ित खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। 15 बकरियों की झुलस कर मौत हो गई।
हरदी थाना क्षेत्र के पचदेवरी के चुरईपुरवा में बुधवार देर रात रामसुधि के घर से आग की लपटें उठती दिखाई दी। लपटों ने आसपास के आशियानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। श्रवण के घर में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। अग्निकांड में कटान पीड़ित बालकराम, सियाराम, बरसाती, ननकू, श्रवण, राकेश, रामसुधि, राजकुमार के आशियाने जल गए। इस अगिनकांड में पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। सूचना पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी गई। दो वर्ष पूर्व इनके आशियाने घाघरा में समा गए थे। तभी से अपने खेतों में घर बनाकर रह रहे हैं। दिवाली के दीये की लौ से आग लगने की बात सामने आई है। तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा राजस्वकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवारों को तिरपाल व अन्य सहायता सामग्री वितरित की। उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उधर विशेश्वरगंज कस्बा स्थित जायसवाल साइकिल स्टोर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इस अग्निकांड में टॉयर, ट्यूब व अन्य साइकिल के उपकरण जल गए। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसमें करीब 10 लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान है। लेखपाल संतोष कुमार पाठक ने घटनास्थल पहुंचकर क्षति का आकलन किया है। रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपी जाएगी।
हुजूरपुर : हुजूरपुर थाना क्षेत्र के चिरैया टांड़ के भैंसाही गांव निवासी रियाज पुत्र नेवाजिस के मड़हे में अचानक आग लग गई। इसमें बंधी 15 बकरियों की झुलस कर मौत हो गई। गृहस्वामी मां का इलाज कराने लखनऊ गए थे। पीड़ित ने बताया कि बकरियों के अलावा मड़हे में रखा अन्य सामान जल गया।