अंडरपास बने ग्रामीणों के जी का जंजाल
संवाद सहयोगी, खेकड़ा (बागपत) : रेलवे की तरफ से दुर्घटनाएं रोकने को बने अंडरपास हजारों
संवाद सहयोगी, खेकड़ा (बागपत) : रेलवे की तरफ से दुर्घटनाएं रोकने को बने अंडरपास हजारों लोगों के जी का जंजाल बन गए हैं। बारिश का पानी के कारण अंडरपास से निकलना लोगों के लिए दूभर हो जाता है। शिकायतों के बाद भी स्थाई निदान नहीं होने से ग्रामीण आहत हैं।
मानव रहित फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे ने ट्रैक के नीचे अंडरपास बनवाए हैं। अंडरपास से दुर्घटनाएं तो कम हुईं, लेकिन बारिश के मौसम में लोगों को आवागमन की परेशानी बढ़ गई है। अंडरपास से भरा पानी निकलने का कोई स्थाई समाधान नहीं है। तेज बारिश के बाद अंडरपास में कई फीट पानी भर जाता है, जिससे वहां से निकलना काफी मुश्किल हो जाता है। कई दिनों से हो रही बारिश के कारण बसी, फखरपुर, सुन्हैड़ा, लाइनपार बस्ती, गोठरा आदि में लोगों को परेशानी हो रही है। जल्द समस्या का समूचित निदान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। पथ निरीक्षक आरके मंडल ने बताया कि विभाग ने पानी निकालने को प्राइवेट कर्मचारी को ठेका दिया गया है। जरूरत पड़ने पर ठेकेदार पानी निकलवाता है।