जनता ने कसी कमर, कोरोना को स्टेज टू पर ही रोकने का लिया संकल्प
देश में कोरोना को स्टेज टू पर ही रोकने की कवायद जोरों पर हैं। जनता कर्फ्यू की पूर्व संध्या पर शहर में हर तरफ जागरूकतापूर्ण गतिविधियां दिखाई दी। हर कोई इस महामारी के खिलाफ कमर कसकर खड़ा दिखाई दे रहा है।
बागपत, जेएनएन। देश में कोरोना को स्टेज टू पर ही रोकने की कवायद जोरों पर हैं। जनता कर्फ्यू की पूर्व संध्या पर शहर में हर तरफ जागरूकतापूर्ण गतिविधियां दिखाई दी। हर कोई इस महामारी के खिलाफ कमर कसकर खड़ा दिखाई दे रहा है।
शनिवार को उप्र उद्योग व्यापार मंडल बागपत के तत्वावधान में शिव-होडा शोरूम पर मास्टर हरवीर सिंह के निर्देशन सामूहिक यज्ञ का आयोजन किया, जिसमें सभी व्यापारियों ने शिरकत की और वैदिक मंत्रों के जाप के साथ हवन कुंड में आहूति डाली। हवन में मंडल के जिलाध्यक्ष अरुण तोमर बोबी, श्रवण तोमर, मुदित, अनुराग, विशाल गुप्ता, अमरपाल सिंह, नवीन दांगी, पवन शर्मा आदि मौजूद रहे।
उधर, दिल्ली बस स्टैंड पर समाजसेवी अजय गर्ग ने सैनिटाइजर का वितरण किया। इस दौरान लोगों को कोराना से बचाव के लिए बार-बार हाथ धोने, मुंह पर मॉस्क बांधने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों से दूरी बनाने की अपील की। नगर पालिका चेयरमैन अमित राणा ने भी पालिका कर्मचारियों के साथ शहर में लोगों से जनता कर्फ्यू में सहयोग करने की अपील की। उधर, पुलिसकर्मियों ने भी अपने वाहनों पर सैनिटाइजर का छिड़काव किया। नगर पालिका की तरफ से सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जा रहा है।