पुलिसकर्मियों की मौत पर एक बार फिर छलका UP पुलिस के हेड कांस्टेबल का दर्द, समस्याओं को लेकर उठाए सवाल
हेड कांस्टेबल ओमवीर सिंह राजपूत ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उत्तर प्रदेश पुलिसकर्मियों की समस्याओं और हाल ही में हुई दो मौतों पर सवाल उठाए हैं।
-1793782320845_m.webp)
पहले भी उठा चुके हैं उत्पीड़न के खिलाफ आवाज
HighLights
गोंडा और आगरा में दो पुलिसकर्मियों की मौत का जिक्र किया।
पुलिसकर्मियों को समय पर उपचार न मिलने पर जताई नाराजगी।
जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिसकर्मियों के उत्पीड़न और उनकी समस्याओं को लेकर हेड कांस्टेबल ने एक बार फिर आवाज उठाई है।
बिनौली थाने में तैनात रह चुके हेड कांस्टेबल ओमवीर सिंह राजपूत ने सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर पुलिसकर्मियों की कार्यशैली, मानसिक स्थिति और विभाग में उनकी समस्याओं को लेकर सवाल खड़े किए हैं। वीडियो में उन्होंने एक सप्ताह के भीतर दो पुलिसकर्मियों की मौत का जिक्र करते हुए व्यवस्था पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
हेड कांस्टेबल ओमवीर मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले हैं। उन्होंने फेसबुक पर ‘वीर राजपूत’ के नाम से आइडी बना रखी है। वीडियो में उन्होंने बताया कि गोंडा जनपद में समुचित उपचार नहीं मिलने के कारण एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि आगरा में एक महिला पुलिसकर्मी ने संभवत: पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या कर ली।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं पर समय रहते ध्यान दिया जाता तो शायद ऐसी घटनाओं को टाला जा सकता था। ओमवीर ने वीडियो में सवाल उठाया कि पुलिसकर्मियों की परेशानी और उनके परिवारों की स्थिति पर बात करने वाला आखिर कौन है? उनका कहना है कि यदि बीमार सिपाही को समय पर उपचार मिल जाता और महिला पुलिसकर्मी को परिवार का भावनात्मक सहयोग मिलता तो शायद परिस्थितियां अलग हो सकती थीं।
इससे पहले भी वह पुलिसकर्मियों के उत्पीड़न को लेकर दो वीडियो वायरल कर चुके हैं। कुछ माह पहले तत्कालीन एसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया था।
हेड कांस्टेबल ओमवीर सिंह राजपूत के इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करने के मामले की जांच सीओ डा. सुकन्या शर्मा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
-पूर्णेंदु सिंह, एसपी बागपत