विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में 'कृषि सखियां' लाएंगी खेती में आधुनिक क्रांति, 32 जिलों में 4 दिन मिलेगी स्पेशल ट्रेनिंग

Published: Mon, 16 Nov 2026 10:49 AM (IST)

उत्तर प्रदेश में 'कृषि सखियां' अब खेतों में पारंपरिक हल की जगह आधुनिक तकनीक और नवाचार का उपयोग कर खेती में क्रांति लाएंगी।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. कृषि सखियां खेती में आधुनिक तकनीक और नवाचार लाएंगी।

  2. 32 जिलों के प्रबंधकों को लखनऊ में चार दिवसीय प्रशिक्षण मिलेगा।

  3. महिला किसानों को सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगी।

जागरण संवाददाता, बागपत। अब खेतों में पारंपरिक हल ही नहीं चलेंगे, बल्कि आधुनिक तकनीक ड्रोन तथा नवाचार का कमाल दिखेगा। इस बदलाव की कमान संभालेंगी बागपत की कृषि आजीविका सखियां।

इसके लिए आज से बागपत समेत 32 जिलों के जिला मिशन प्रबंधकों को लखनऊ में चार दिन का प्रशिक्षण मिलेगा जो वहां से लौटकर कृषि सखियों को प्रशिक्षित करेंगे। यानी महिलाओं को सशक्त बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए अब खेती में नई क्रांति की आहट सुनाई देगी।

खेती-किसानी में महिलाओं का योगदान कम नहीं। इन महिला किसानों के सहयोग के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से बागपत के 244 ग्राम पंचायतों में 135 कृषि सखियां नियुक्त की गईं थी।

कृषि सखियों को प्रशिक्षण देकर सक्रिय कर मैदान में उतारने के लिए बागपत, बिजनौर, सहारनपुर, शामली, अलीगढ़, मथुरा और बलिया समेत 32 जिलों के जिला मिशन प्रबंधकों को कृषि आजीविका से संबंधित गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कार्यों की गुणवत्ता में सुधार से संबंधित क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से प्रशिक्षण मिलेगा।

प्रशिक्षण 16 से 19 नवंबर तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान में मिलेगा। इसके बाद जिला मिशन प्रबंधक जिलों में कृषि सखियों को प्रशिक्षण देंगे।

जिला मिशन प्रबंधक शाह फैसल अंसारी ने बताया कि प्रशिक्षण लेने के बाद कृषि सखियां महिला किसानों की प्रोफाइल तैयार करने, किसान पाठशाला आयोजन करने, प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, वर्मी कंपोस्ट, नाडेप कंपोस्ट, जीवामृत, बीजामृत और जैव कीटनाशकों के उपयोग के लिए प्रेरित करने, महिलाओं को घरों के पास पोषण वाटिका बनाने को जागरूक करेंगी।

बीजों के सही चयन, बुवाई, समय पर सिंचाई, मृदा स्वास्थ्य और बीमारियों की रोकथाम के प्रति महिला किसानों की मदद करेंगी। सरकारी कृषि योजनाओं, सब्सिडी और कृषि फसल बीमा कराने, नवाचार करने, खेती में बदलाव लाने तथा कृषि उपज का उचित दाम पाने को ब्रांडिंग और मार्केटिंग जैसी जानकारी देने का काम करेंगी।

यह भी पढ़ें- 50 करोड़ से ज्यादा का होगा योगी सरकार का दूसरा अनुपूरक बजट, महिलाओं और किसानों को मिल सकती है बड़ी सौगात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।