पारा लुढ़का, ठिठुरन बढ़ी
अब पारा में लगातार गिरावट से ठिठुरन बढ़ने लगी है।
जागरण संवाददाता, बागपत: अब पारा में लगातार गिरावट से ठिठुरन बढ़ने लगी है। शनिवार को जहां न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस था वहीं रविवार को लुढ़ककर आठ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान की गिरावट से अब हर किसी को ठंड का अच्छी तरह अहसास होने लगा है। सुबह ही नहीं, दोपहरी में भी अधिकांश लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।
सुबह के वक्त इंसान ही नहीं, पशु-पक्षी भी कांपते दिखे। ठंड से सर्वाधिक दिक्कत किसानों तथा कामकाजी लोगों को हो रही, क्योंकि काम के सिलसिले में घर से निकलकर जाना पड़ता है। खेत हो चाहे गांव या शहर, लोगों को अलाव जलाकर ठंड से छुटकारा पाने की जद्दोजहद करते दिखे। हालांकि प्रशासन व नगर निकायों की तरफ से अलाव जलाने के नाम पर अभी महज खानापूर्ति की जा रही है।
देर शाम बागपत के राष्ट्रवंदना चौक, अग्रवाल मंडी टटीरी में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड,बड़ौत में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर वाहनों के इंतजार में खड़े लोग ठंड से परेशान रहे। चीनी मिलों के यार्ड में अलाव की व्यवस्था नहीं होने से किसान रातभर ठंड से ठिठुर रहे हैं। वहीं ठंड बढ़ने के साथ ही अब बाजारों में मूंगफली, रेवड़ी, गजक और बादाम की खरीद-फरोख्त बढ़ गई है।