राशन वितरण में धांधली पर उपभोक्ताओं का हंगामा
रोशनगढ़ गांव मे राशन वितरण में धांधली होने पर उपभोक्ताओं ने हंगामा किया।
बागपत, जेएनएन। रोशनगढ़ गांव मे राशन वितरण में धांधली होने पर उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। उनकी ग्राम प्रधान से भी खूब नोकझोंक हुई। चेतावनी दी कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि ग्राम दौलतपुर की कोटेदार अजुबा के पुत्र आस मोहम्मद को उनके गांव में राशन वितरण की जिम्मेदारी मिली हुई है। आरोप है कि आस मोहम्मद मानक के हिसाब से राशन का वितरण नहीं करता है, बल्कि मनमर्जी कार्य करता है। किसी को यूनिट के हिसाब से कम राशन दिया जाता है, तो किसी को राशन देने से मना ही कर दिया जाता है। कभी सर्वर डाउन का बहाना बनाता है तो कभी अन्य समस्या बताकर राशन का वितरण कार्य बंद कर देता है। हर बार अलग-अलग स्थानों पर राशन का वितरण किया जाता है। आरोप है कि ग्राम प्रधान नाजिम की मिलीभगत से राशन वितरण में धांधली की जा रही है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। शिकायत करने वालों में उपभोक्ता इलियास, शौकत,जयपाल, संजय, लाला, दीपक, ओमबीर,जहीर, नफीस, अमित, चेतन, आदेश, आसमा, शमीना, शहनाज मौजूद रहे।
उधर, आस मोहम्मद का कहना है कि मानक के हिसाब से राशन का वितरण किया जा रहा है। उन पर लगाए गए आरोप गलत है। वहीं ग्राम प्रधान नाजिम का कहना है उन पर लगाया गया आरोप गलत है। उधर जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।