विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रपति के अंगरक्षक को गोली मारने के मामले में दो भाई मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचे और कारतूस बरामद

By Rajeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 14 Nov 2026 05:10 PM (IST)

दीपावली की रात राष्ट्रपति के अंगरक्षक को गोली मारने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपित भाई बागपत में ...और पढ़ें

बूढ़पुर गांव में मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया प्रवीण तोमर उर्फ मोनू व गोली लगने से घायल धीरज। जागरण

बूढ़पुर गांव में मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया प्रवीण तोमर उर्फ मोनू व गोली लगने से घायल धीरज। जागरण

HighLights

  1. राष्ट्रपति के अंगरक्षक को गोली मारने वाले दो भाई गिरफ्तार।

  2. पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपित धीरज तोमर घायल हुआ।

  3. दोनों आरोपितों पर दस-दस हजार रुपये का इनाम था।

संवाद सूत्र, जागरण. रमाला (बागपत)। दीपावली की रात राष्ट्रपति के अंगरक्षक को गोली मारने के मामले में फरार चल रहे आरोपित दो भाइयों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपित गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपित को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो तमंचे, दो कारतूस बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी आरके शर्मा ने बताया कि नौ नवंबर को गोपालपुर खड़ाना निवासी जनकराज ने रमाला थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि आठ नवंबर को दीपावली की रात लगभग 10 बजे पटाखे छुड़ाने के विवाद में गांव के ही धीरज तोमर और उसके भाई प्रवीण तोमर उर्फ मोनू ने तमंचे और लाठी-डंडों से हमला कर उनके बेटे सौरभ तोमर को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। गोली दीवार से टकराकर सौरभ के सिर में लगी थी।

दूसरे बेटे विनीत के सिर पर डंडे से वार कर उसे भी घायल कर दिया था। घटना के बाद से दोनों आरोपित फरार चल रहे थे। पकड़ में नहीं आने पर पुलिस ने दोनों भाइयों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। एसपी पूर्णेन्दु सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह रमाला पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपित बूढ़पुर रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर एक ट्यूबवेल के पीछे छिपे हैं।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें धीरज घायल हो गया। दूसरा आरोपित प्रवीण गन्ने के खेत में घुस गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

घायल धीरज को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। धीरज पर पहले भी हत्या के प्रयास समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। सौरभ तोमर के पिता जनकराज ने बताया कि मेरठ के न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती बेटे की हालत में अब सुधार है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।