आपत्तिजनक फोटो वायरल प्रकरण में समझौते का दबाव
व्हाट्सएप ग्रुप पर देवी देवताओं की अश्लील फोटो अपलोड करने के मामले में समझौते का दबाव बनाने जाने के विरोध में भाजपाई और अन्य लोगों ने एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन किया।
बागपत, जेएनएन। व्हाट्सएप ग्रुप पर देवी देवताओं की आपत्तिजनक फोटो अपलोड करने के मामले में समझौते का दबाव बनाने जाने के विरोध में भाजपाई और अन्य लोगों ने एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने एएसपी से कार्रवाई की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय के नेतृत्व में गुरुवार को एसपी दफ्तर पहुंचे चमरावल गांव के लोगों ने कहा कि 29 सितंबर को एक व्हाट्सएप ग्रुप में एक सदस्य ने देवी-देवताओं की आपत्तिजनक फोटो अपलोड की थी। एक युवक के विरोध करने पर ग्रुप एडमिन ने गाली-गलौज करते हुए उसको जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो युवकों के खिलाफ कार्रवाई की। आरोप है कि गांव के कुछ लोग राजनैतिक लाभ लेने के लिए केस में समझौते का दबाव बना रहे है। ऐसा न करने पर तरह-तरह की धमकी दी जा रही है। गांव का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। गांव में कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है। शिकायत करने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इस मौके पर भाजपा नेता विपिन माहेश्वरी के अलावा शशांक त्यागी, पवन, पंकज, सतीश, मांगेराम, गोविद शर्मा, अमित त्यागी, सुरेंद्र त्यागी आदि मौजूद रहे। उधर, एएसपी अनिल सिंह सिसौदिया ने मामले की जांच करा कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।