33 ओवरलोड वाहन पर 14 लाख का जुर्माना
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर ओवरलोड वाहनों का आवागमन रोकने को वेट मशीन लगी हैं परंतु शुरू नहीं हुई है।
बागपत, जेएनएन। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर ओवरलोड वाहनों का आवागमन रोकने को वेट मशीन लगी हैं, परंतु अभी इनका उपयोग नहीं हो रहा है। नतीजन बे-रोकटोक रोजाना सैकड़ों वाहन आवागमन कर रहे हैं। वाहनों को रोकने के लिए एआरटीओ सुभाष राजपूत ने शुक्रवार रात व शनिवार को दिन में अभियान चलाया। टीम ने एक्सप्रेस-वे पर 27, दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर छह वाहन पकड़े। सभी वाहनों को तहसील परिसर में खड़ा कराया। कार्रवाई से बचने को एक्सप्रेस-वे पर यमुना से हरियाणा की सीमा में सैकड़ों वाहन कतार में खड़े देखे गए। एआरटीओ ने बताया कि शुक्रवार को 16 तो शनिवार को 17 वाहनों पर कार्रवाई की। सभी वाहनों पर 14.46 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। अभियान जारी रहेगा। एक्सप्रेस-वे व दिल्ली हाईवे पर कोई ओवरलोड वाहन नहीं दौड़ने दिया जाएगा।