उत्तर प्रदेश-हरियाणा सीमा विवाद निपटाने के लिए दोनों राज्यों के अधिकारी करेंगे संयुक्त सर्वे Bagpat News
बागपत के 20 गांवों की सीमा सोनीपत तथा सात गांवों की सीमा पानीपत से सटी है। बागपत और सोनीपत-पानीपत के किसानों के बीच 4500 हेक्टेयर जमीन पर विवाद है।
बागपत, जेएनएन। बुधवार को बागपत कलक्ट्रेट में डीएम शकुंतला गौतम की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश-हरियाणा सीमा विवाद निपटारे को दोनों राज्यों के अधिकारियों की बैठक में तय किया गया कि यमुना खादर में सीमा स्तंभ खोजने के लिए 25 नवंबर से सर्वे कराया जाएगा। इस सर्वे को दोनों राज्य के अधिकारी तथा सर्वे आफ इंडिया के अधिकारी संयुक्त रूप से करेंगे।
स्तंभ विलुप्त होने से गहराया है विवाद
सीमा स्तंभों के विलुप्त होने से ही सीमा विवाद गहराया हुआ है। बागपत और सोनीपत-पानीपत की सीमा तय करने को यमुना खादर में पूर्व में 236 स्तंभ लगे थे लेकिन वर्तमान में इनमें एक भी नहीं बचा है। शामली और पानीपत की सीमा पर पूर्व में 228 स्तंभ लगे थे लेकिन वर्तमान में महज 30 स्तंभ ही मौके पर बचे हैं। बाकी 172 विल्पुप्त हो चुके हैं। सर्वे में इन स्तंभों को खोजने का प्रयास होगा। स़र्वे पूरा होने के बाद सीमा निस्तारण के लिए आगे की कार्रवाई होगी।
ऐसे होगा सीमा का सर्वे
डीएम बागपत ने बताया कि बागपत की सीमा पानीपत और सोनीपत से सटी है। 25 नवंबर से दो दिसंबर तक बागपत और सोनीपत की सीमा का सर्वे होगा। तीन दिसंबर से बागपत और पानीपत की सीमा का सर्वे कार्य शुरू कराया जाएगा। शामली की सीमा केवल पानीपत जनपद से सटी है। शामली और पानीपत की सीमा पर 25 से 30 नवंबर तक सर्वे कराया जाएगा। बैठक में दोनों और के अधिकारियों के बीच यमुना खादर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने को किसानों के बीच आए दिन होने वाले झगड़ों को रोकने पर सहमति बनी है।
बागपत और सोनीपत-पानीपत में 4500 हेक्टेयर का विवाद
गौरतलब है कि बागपत के 20 गांवों की सीमा सोनीपत तथा सात गांवों की सीमा पानीपत से सटी है। बागपत और सोनीपत-पानीपत के किसानों के बीच 4500 हेक्टेयर जमीन पर विवाद है। वहीं डीएम शामली अखिलेश सिंह, बागपत एडीएम अमित कुमार, पानीपत के जिला राजस्व अधिकारी चंद्रमोहन, तहसीलदार संभालखा रामगोपाल और सोनीपत के तहसीलदार विकास और नायब तहसीलदार हवा सिंह समेत दोनों और कई अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि शासन ने सीमा विवाद निपटारे को बागपत की डीएम शकुंतला गौतम को नोडल अधिकारी नामित किया हुआ है जो बागपत, शामली तथा पानीपत और सोनीपत के बीच यमुना खादर में सीमा विवाद निस्तारण कराने का काम करेंगी।