मालिक की जान बचाने को तेंदुए से भिड़ गया स्वामिभक्त कुत्ता
संसू, बिनौली (बागपत): कुत्ते को यूं ही स्वामिभक्त नहीं कहा जाता। कई बार तो उसकी वफा का किरदार
संसू, बिनौली (बागपत): कुत्ते को यूं ही स्वामिभक्त नहीं कहा जाता। कई बार तो उसकी वफा का किरदार इंसानों से भी ज्यादा काबिल-ए-तारीफ दिखता है। शाहपुर-बाणगंगा गांव के जंगल में शुक्रवार को ऐसा ही वाकया सामने आया। तेंदुए ने किसान पर हमला किया तो स्वामी को संकट में देख वफादार कुत्ता तेंदुए से भिड़ गया। इस अप्रत्याशित हमले से घबराया तेंदुआ खेत में घुस गया। संघर्ष में कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन उसने जान पर खेलकर अपने स्वामी की जान बचा ली।
शाहपुर-बाणगंगा गांव निवासी योगेंद्र शुक्रवार शाम भैंसा बुग्गी लेकर अपने खेत पर ईख काटने गया था। इस दौरान पालतू कुत्ता भी उनके साथ गया था। उन्होंने जैसे ही ईंख काटनी शुरू की, खेत के अंदर से आए तेंदुए ने हमला बोल दिया। इससे वह घबरा गए लेकिन स्वामी को संकट में देख कुत्ता तेंदुए से भिड़ गया। इससे किसान में हिम्मत आई और उन्होंने भी बलकटी से तेंदुए पर वार करने शुरू कर दिए। आक्रामक हमले से घबराया तेंदुआ खेत में घुसकर भाग गया। संघर्ष में कुत्ता बुरी तरह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद दहशतजदा किसान वापस गांव आया और पूरा वाकया लोगों को बताया।
ग्रामीणों ने कहा कि कई बार तेंदुआ लोगों पर हमला कर चुका, लेकिन वन विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय कर्मचारी इसे गंभीरता से नहीं लेते। ग्राम प्रधान बालेश्वर ने कहा, यदि वन विभाग ने जल्द सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इन्होंने कहा..
मौके पर विभाग की टीम भेजकर मामला दिखवाया जाएगा। ग्रामीणों की मुकम्मल सुरक्षा के भी इंतजाम किए जाएंगे।
- राजपाल सिंह, रेंजर।