शादी समारोह में करंट लगने से मजदूर की मौत
सिलाना गांव में शादी समारोह के बाद टैंट का सामान खोलते समय लोहे के पाइप में करंट उतरने से युवक (मजदूर) की दर्दनाक मौत हो गई जिसके बाद युवक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
जागरण न्यूज नेटवर्क, बागपत: सिलाना गांव में शादी समारोह के बाद टेंट का सामान खोलते समय लोहे के पाइप में करंट उतरने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद युवक के परिवार में कोहराम मच गया।
सिलाना गांव में बाबूराम के यहां शुक्रवार की रात युवती की शादी थी। शादी में लोकेंद्र पुत्र रामपाल निवासी किशनपुर बराल ने अपना टेंट लगाया था। अशोक(28) पुत्र राजकुमार निवासी किशनपुर बराल टेंट लगाने में मजदूर का कार्य करता था। शादी समारोह का कार्य समाप्त होने के बाद अशोक टेंट खोल रहा था। उसी दौरान टैंट का पोल ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिसके बाद लोहे के पोल में करंट प्रवाहित हो गया और अशोक करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया, उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर दिनेश चिकारा ने बताया कि शादी समारोह में टैंट खोलते समय विद्युत लाइन लोहे के पोल में लग गई, जिसमें करंट से अशोक की मौत हो गई है।
परिवार में मचा कोहराम
अशोक के भाई दीपक ने बताया कि हादसे की जानकारी जैसे ही परिवार तक पहुंची तो कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक के शव का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया। अशोक की शादी तीन साल पहले हुई थी। उसके एक साल की एक बेटी है। पत्नी आरती का रो रोकर बुरा हाल है। परिवार में वह अकेला कमाने वाला था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।