अंशिका के घर पहुंचे जयंत, परिजनों को सांत्वना दी
रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी गुरुवार को फजलपुर सुंदरनगर गांव में पहुंचे और अंशिका के परिजनों को सांत्वना दी। हर संभव मदद करने का भी आश्वासन दिया। पुलिस भर्ती के दौरान दौड़ लगाते समय हुई अंशिका की मौत हो गई थी।
बागपत, जेएनएन। रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी गुरुवार को फजलपुर सुंदरनगर गांव में पहुंचे और अंशिका के परिजनों को सांत्वना दी। हर संभव मदद करने का भी आश्वासन दिया। पुलिस भर्ती के दौरान दौड़ लगाते समय हुई अंशिका की मौत हो गई थी। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार को भर्ती प्रक्रिया में बदलाव करना चाहिए। जयंत चौधरी ने अंशिका के पिता रामबीर सिंह से अंशिका के बारे में जानकारी ली और हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने अंशिका के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को भर्ती प्रक्रिया को सरल बनाना चाहिए। महाराष्ट्र में वर्ष 2015 में पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान कई प्रतिभागियों की मौत हो जाने पर वहां हाईकोर्ट ने संज्ञान लेकर एक कमेटी बनाई, जिसके बाद महाराष्ट्र में भर्ती प्रक्रिया सरल हुई। दौड़ की दूरी को घटाया गया।
जयंत ने कहा कि अब तो पुलिस आधुनिक हो चुकी है फिर पांच किमी की दौड़ का क्या औचित्य है। महाराष्ट्र में जब बदलाव हो सकता है फिर यहां क्यों नही। उन्होंने एक पत्र प्रदेश के मुख्यमंत्री को लिखा है जिसका उनको संज्ञान लेना चाहिए तथा प्रक्रिया में नीतिगत बदलाव करने चाहिए। उन्होने कहा कि अंशिका के परिजनों को अविलंब आर्थिक मदद व एक भाई को सरकारी नौकरी देनी चाहिए। यदि सरकार कुछ नहीं करती है तो आगे कुछ करने के लिए रणनीति बनाई जाएगी।
इसके बाद वे सिरसली गांव में सड़क हादसे का शिकार हुए दरोगा आंनद प्रकाश के अलावा रघुनाथ व सतबीर कश्यप की मौत होने पर परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. अजय तोमर, जिलाध्यक्ष सुखबीर गठिना, धीरज उज्ज्वल, अहमद हमीद, सतीश चौधरी, ब्रजपाल शास्त्री, सुरेश मलिक, रामकुमार चैयरमेन, लेखराज प्रधान, विकास प्रधान, राजू तोमर, सुधीर तोमर, रविद्र हट्टी, आदित्य सोलंकी, धर्मबीर सिंह, रोहताश, जगवीर, वेदपाल, रविद्र तोमर आदि मौजूद रहे।