शूटर दादियों ने सिनेमा के पर्दे पर देखा अपना किरदार
जौहड़ी की शूटर दादियों की बायोपिक फिल्म सांड की आंख शुक्रवार को सिनेमाघरों की सिल्वर स्क्रीन पर रिलीज हुई तो शूटर दादियों खुद पहली बार सिनेमाघर में अपनी फिल्म देखने पहुंची। दादियों के गृह जनपद में फिल्म को जबरदस्त ओपनिग मिली। पहले दिन दिखाए गए फिल्म के चारों शो हाउसफुल रहे।
बागपत, जेएनएन। जौहड़ी गांव की शूटर दादी चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर के जीवन पर आधारित बायोपिक 'सांड की आंख' शुक्रवार को रिलीज हो गई। दोनों दादियों ने सिनेमा हाल में यह फिल्म देखी। दादियों के गृह जनपद में फिल्म को जबरदस्त ओपनिग मिली। पहले दिन चारों शो हाउसफुल रहे।
फिल्म का प्रीमियर शो शाम को पांच बजे शहर के आई-म्यूजिका मल्टीप्लेक्स में शुरू हुआ। दादी चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर भी परिवार वालों और प्रशंसकों के साथ फिल्म देखने पहुंचीं। दादियों को देखने के लिए हुजूम उमड़ पड़ा। नगर पालिका चेयरमैन अमित राणा, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, देवेंद्र पंवार, मल्टीप्लेक्स के ऑनर डा. सुरेश दत्त शर्मा, भास्कर दत्त शर्मा, शिवेंद्र दत्त शर्मा, मैनेजर सुधाकर ने बुके देकर उनका स्वागत किया। उनके साथ सेल्फी लेने की भी होड़ रही।
पहली बार सिनेमा हॉल में पहुंचीं
खुशी से गदगद दोनों दादियों ने बताया कि वे पहली बार सिनेमा हॉल में फिल्म देखने पहुंची हैं। दादियों के परिवार से अंतराष्ट्रीय शूटर सीमा तोमर, कंवरपाल, विनोद तोमर, रामबीर सिंह, सचिन, प्रमोद, बबलू प्रधान, सुभाष तोमर, गौरव, मोना, अर्शी, इशिका, यशी, अंजूम, यश, रेखा, अंशू, रेनू, सोमपाल आदि भी रहे। महिलाओं को करेगी प्रेरित
अनूठे विषय को लेकर चर्चा में रही अनुराग कश्यप की इस फिल्म को प्रदेश सरकार ने टैक्स फ्री कर दिया है। दादी प्रकाशी व चंद्रो बताती हैं कि 'सांड की आंख' की कहानी महिलाओं के प्रति लोगों की सोच बदलने में सक्षम है। तुषार हीरानंदानी द्वारा निर्देशित और अनुराग कश्यप, रिलायंस इंटरटेनमेंट व निधि परमार द्वारा निर्मित फिल्म में तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर ने शूटर दादियों का किरदार निभाया है। फिल्म की अधिकांश शूटिग जौहड़ी गांव में हुई है।