रावण दहन के बाद छेड़छाड़ को लेकर बवाल, पुलिस से हाथापाई
जास, बड़ौत (बागपत) : दिगंबर जैन कालेज के सी फील्ड में रावण दहन के बाद संप्रदाय विशेष के दो
जास, बड़ौत (बागपत) : दिगंबर जैन कालेज के सी फील्ड में रावण दहन के बाद संप्रदाय विशेष के दो युवकों ने एक महिला से छेड़छाड़ कर दी। इसे लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मौके पर भीड़ में अफरातफरी मच गई। आरोपितों ने सिपाहियों के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम के समय रावण दहन के बाद जब बच्चे, महिला और पुरुष घर लौट रहे थे तो एक महिला ने दो युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शोर मचा दिया। महिला के साथ आए युवक और आरोपितों के बीच कहासुनी और गाली-गलौच शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोगों में लात-घूंसे चलने लगे। वहां मौजूद पुलिसकर्मी झगड़ा होते देख घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन आरोपितों ने पुलिस के साथ भी हाथापाई कर दी। पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए स्थिति पर नियंत्रण पाया। उसके बाद पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ लिया और कोतवाली ले गई। सीओ रामानन्द कुशवाहा का कहना है कि जांच की जा रही है।
कमजोर दिखी पुलिस व्यवस्था
रावण दहन स्थल पर पुलिस प्रबंधन कमजोर रहने का नतीजा रहा कि शोहदे हावी हुए और छेड़छाड़ की। पुलिस से मारपीट करने का दुस्साहस भी किया। लोगों का कहना था कि अगर पुलिस की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त होती तो ऐसी घटना नहीं होती।