परीक्षा के दौरान हुई कबड्डी प्रतियोगिता, जमकर बजा डीजे
संवाद सूत्र, रमाला (बागपत) : अर्द्धवार्षिक परीक्षा के दौरान बूढ़पुर गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय म
संवाद सूत्र, रमाला (बागपत) : अर्द्धवार्षिक परीक्षा के दौरान बूढ़पुर गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जबरन कबड्डी प्रतियोगिता करा दी गई। डीजे के शोर-शराबे और दर्शकों की हू¨टग से परीक्षा में खासा व्यवधान उत्पन्न हुआ, मगर गांव के किसी भी गणमान्य ने इस तरफ ध्यान देना गवारा नहीं किया। मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई, लेकिन वह भी प्रतियोगिता को बंद नहीं करा सके। बुढपुर गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 83 बच्चे हैं, जिनकी शुक्रवार को अलग-अलग पालियों में सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर ढाई बजे तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा कराई गई। परीक्षा के दौरान गांव के कुछ दबंगों ने कबड्डी प्रतियोगिता शुरू करा दी, जिसके चलते विद्यालय में लोगों की भीड़ जमा हो गई और जमकर हू¨टग हुई। परीक्षा में व्यवधान होता देख इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ने आयोजकों से तत्काल कबड्डी प्रतियोगिता बंद कराने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने एक न सुनी और न ही परीक्षा पर ध्यान दिया।
बच्चों को डीजे के कानफोडू शोर में ही परीक्षा देने को मजबूर होना पड़ा, जिससे कई बच्चों का पेपर खराब हो गया। कक्षा सात के छात्र रोहित, कक्षा आठ के विजय व निशा तथा कक्षा छह की दीपांक्षी ने बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता के शोर-शराबे के चलते वह सही से अपना पेपर नहीं कर पाए। दबंगई का आलम यहां तक रहा कि विद्यालय के बरामदे से सटाकर टेंट लगा दिया गया, जिससे परीक्षा कक्षों में अंधेरा भी हो गया। अध्यापकों की ओर से विभाग के आला-अफसरों को शिकायत की गई, लेकिन वह भी प्रतियोगिता नहीं रुकवा सके। जबकि नियम के अनुसार स्कूल में प्रतियोगिता का आयोजन नहीं कराया जा सकता है।
इन्होंने कहा..
इस मामले की जानकारी गांव के प्रधान के अलावा एबीएसए और बीएसए को दी गई थी। प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलनी है। इससे परीक्षाएं बाधित होंगी।
-इंचार्ज प्रधानाध्यापिका पूर्व मा.वि. बूढ़पुर, प्रीति तोमर।
अध्यापकों के माध्यम से परीक्षाओं के दौरान प्रतियोगिता की जानकारी हुई तो प्रतियोगिता का बंद करा दिया गया।
-विकास, ग्राम प्रधान बूढ़पुर।
प्रतियोगिता के संबंध में इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ने जानकारी दी थी, जिसके बाद गांव के प्रधान से प्रतियोगिता बंद कराने को कहा गया था।
-खंड शिक्षा अधिकारी, विनोद वर्मा।