दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर पर भीषण हादसा, पिकअप ने कैंटर में मारी टक्कर; दो की मौके पर ही मौत
दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप। जागरण
HighLights
दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर शनिवार सुबह हुआ सड़क हादसा।
पिकअप ने सड़क किनारे खड़े कैंटर में पीछे से टक्कर मारी।
हादसे में कैंटर चालक और पिकअप सवार बुजुर्ग की मौत।
जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोघट थाना क्षेत्र में गांगनौली कट के पास ट्रांसफार्मर से लदी बोलेरो पिकअप ने सड़क किनारे खड़े कैंटर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कैंटर चालक और पिकअप सवार एक बुजुर्ग की जान चली गई।
पुलिस ने बताया कि शनिवार तड़के करीब चार बजे दिल्ली से देहरादून की ओर एक कैंटर जा रहा था। कैंटर के अगले टायर में पंक्चर हो गया था। इसके चलते चालक ने गांगनौली कट के पास कैंटर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। इसी दौरान दिल्ली से देहरादून की ओर ही ट्रांसफार्मर लेकर जा रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप पीछे से कैंटर में जा भिड़ी।
आशंका है कि पिकअप चालक विकास को तड़के नींद की झपकी आ गई, जिससे वह सड़क किनारे खड़े कैंटर को देख नहीं पाया और तेज गति से उसमें टक्कर मार दी। हादसे में 52 वर्षीय कैंटर चालक दिनेश राघव निवासी बदरपुर, दक्षिणी दिल्ली और पिकअप में सवार 60 वर्षीय यादराम निवासी जयपुर, राजस्थान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बचाया नहीं जा सका। यादराम पिकअप चालक विकास के पिता थे। हादसे में विकास की हालत ठीक बताई गई है।
सूचना पर पहुंची दोघट थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया गया, ताकि इकानोमिक कारिडोर पर यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति पैदा न हो सके। सीओ अंशु जैन ने बताया कि कारिडोर पर हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। क्षतिग्रस्त वालों को कारिडोर से हटवा दिया गया है। हादसे की तहरीर अभी प्राप्त नहीं हुई है।