बिना गठबंधन अपने बूते चुनाव लड़ेगी कांग्रेस: अजय लल्लू
कांग्रस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि मजबूती से विधान सभा चुनाव लड़ेंगे.
बागपत, जेएनएन। कांग्रस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि मजबूती से विधान सभा चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस किसी से गठबंधन किए बिना अपने बूते मजबूती से विधान सभा चुनाव लड़ेगी।
गुरुवार देर शाम एक पैलेस में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर मेरठ में 29 सितंबर को प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली को सफल बनाने को दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पत्रकारवार्ता में अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेस तो देश की रग-रग में बसी है। देश के विकास के लिए जो काम कांग्रेस ने किया वो कोई और नहीं कर पाया। कांग्रेस देश की आत्मा है।
कांग्रेस ने देशभर में पब्लिक सेक्टर देकर युवाओं को रोजगार देने, खाद्य सुरक्षा योजना लाकर गरीबों को दो रुपये किग्रा गेहूं, तीन रुपये किग्रा चावल देने, किसानों के कर्ज माफ करने और गांव खुशहाल बनाने, मनरेगा लागू कराने, गांव-गांव बिजली और खेत खेत पानी पहुंचाने का काम कांग्रेस ने ही किया है।
कांग्रेस देश की रग-रग में बसी है। देश के लिए कुर्बानी देने में कांग्रेसी पीछे नहीं रहे। त्याग, समर्पण और बलिदान का नाम ही कांग्रेस हैं। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर बोले कि हमारा गठन गांव, गरीब, किसान और आम जनता से है।
बिना गठबंधन किए कांग्रेस अपने दम पर मजबूती से यह चुनाव लड़ेगी। प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक, प्रदेश महामंत्री विदित चौधरी, संजीव शर्मा, जिलाध्यक्ष डा. युनूस चौधरी, सतपाल पथौलिया, अनिल देव त्यागी, वकील अहमद, भगवती देवी, राकेश शर्मा आदि मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बागपत से 29 सितंबर को प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा महारैली में 70 बसों तथा कारों में सवार होकर लोग मेरठ जाएंगे। खली कम भीड़
-कांग्रेस की बैठक में कम भीड़ खलती रही। कई पदाधिकारियों को इस पर काना-फूसी करते देखे गए।
---
और ह़ुई तीखी नोकझोंक
-कांग्रेस की बैठक में प्रदेश स्तर तथा जिला स्तर के दो पदाधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
---
बैनर पर दो प्रदेश अध्यक्ष देख चौंके
बागपत में मंच पर जो बैनर लगा था, उसपर एक तरफ राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर को प्रदेश अध्यक्ष तथा दूसरी तरफ अजय कुमार लल्लू को भी प्रदेश अध्यक्ष लिखकर दोनों के फोटो लगे थे। इसे देख प्रदेश अध्यक्ष चौंक गए और फिर बोले कि यह मिस प्रिट हो गई होगी।