गंगा की तरह हों हिडन व कृष्णा नदी भी स्वच्छ हो
माला चीनी मिल में कार्यक्रम के दौरान सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने भी लोगों को संबोधित किया।
बागपत, जेएनएन। रमाला चीनी मिल में कार्यक्रम के दौरान सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने भी लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मलकपुर चीनी मिल में जो भुगतान सालों से लटका हुआ था उसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को दिलाया है। यही नहीं आज हमें एक नई चीनी मिल भी सौगात भी दे दी है। योगी आदित्यनाथ की सरकार ने ही प्रदेश से गुंडे-बदमाशों का सफाया करा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मैं अकेला सांसद था जिसे मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में अतिथि के रूप में बुलाया। योगी आदित्यनाथ ने संसद के अंदर जो सीख दी थी उसका भी उन्होंने पालन किया है। डा. सत्यपाल सिंह ने कहा कि उन्होंने विकास के लिए काम किया है। क्षेत्र में किसानों की समस्याओं को आपके (मुख्यमंत्री) के संज्ञान में लाया हूं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी आपने गंगा को तो निर्मल बना दिया, लेकिन अब हमारे क्षेत्र में बह रही प्रदूषित नदी हिडन और कृष्णा को भी गंगा की तरह निर्मल बनवा दो। डा. सत्यपाल सिंह ने कहा कि ये क्षेत्र बाबा शाहमल और चौधरी चरण सिंह की कर्मस्थली रहा है। यहां पर ही भगवान श्री कृष्ण ने साधना की थी। डा. सत्यपाल ने बागपत के लोगों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।