रजवाहे की सफाई न होने से किसान लामबंद
बिजवाड़ा रजवाहे की सफाई न होने से टेल तक पानी नही पहुंच रहा है जिससें क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसान फसलों की सिचाई नहीं कर रहे हैं।
बागपत, जेएनएन। बिजवाड़ा रजवाहे की सफाई न होने से टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससें क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसान फसलों की सिचाई नहीं कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद रजवाहे की सफाई नहीं कराई गई। सफाई न होने से नाराज किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
पूर्वी यमुना नहर रमाला से निकलकर एक रजवाहा बिजवाड़ा गांव तक जाता है। इस रजवाहे से रमाला, किशनपुर बराल, कासिमपुर खेड़ी, अशरफाबाद थल, इब्राहिमपुर माजरा, कंडेरा, बिजरौल आदि दर्जनों गांव के किसान फसलों की सिचाई करते हैं। रामेश्वर, सुनील, मुकेश, राहुल, सुखबीर आदि किसानों का आरोप है कि रजवाहे में सिल्ट सफाई न होने से सिचाई प्रभावित हो रही है। पिछले कई सालों से रजवाहे से जुड़े किसानों की हालत खराब है क्योंकि रजवाहे के पानी से खेती की सिचाई करना तो दूर उन्हें पानी के दर्शन तक नहीं हुए हैं। अब ऐसे में रजवाहे के सहारे खेती करने वाले किसानों की पैदावार कम पड़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि कई बार उच्च अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द रजवाहे की सफाई नहीं कराई गई तो किसान तहसील में आंदोलन शुरु कर देगें। सिचाई विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव चौधरी ने बताया कि रजवाहों की सफाई के लिए बजट बनाकर भेजा है।