942 मीटर लंबा, 14 मीटर चौड़ा बनेगा छपरौली में यमुना पर हाईलेवल ब्रिज
हिसार की जंडू कंस्ट्रक्शन कंपनी पुल निर्माण कराने जा रही है। 14 सितंबर को यह टेंडर स्वीकृत हुआ। निर्माण कंपनी को वर्क आर्डर जारी कर 4.21 करोड़ रुपये जमानत राशि जमा कराने को कहा गया है।
बागपत : पानीपत तथा छपरौली के मध्य यमुना पुल पर टेंडर की कागजी कार्यवाही अभी बेशक कुछ बाकी है, लेकिन निर्माता कंपनी ने जमीन पर आकर मोर्चा संभाल लिया है। बुधवार को निर्माता कंपनी के विशेषज्ञों ने यहां छपरौली पहुंचकर पुल निर्माण के लिए आवश्यक जानकारियां जुटाईं, स्थान का सर्वे किया। कंपनी ने जेसीबी मशीनों को उतारकर प्रारंभिक कार्य प्रारंभ करा दिया है। इससे छपरौली पुल निर्माण की बरसों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।
पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट हरियाणा के अनुसार बागपत में नांगल गांव तथा पानीपत की समालखा तहसील के अट्टा गांव के बीच यमुना पर यह पुल 84.36 करोड़ रुपये में बनने जा रहा है। हिसार की जंडू कंस्ट्रक्शन कंपनी पुल निर्माण कराने जा रही है। 14 सितंबर को यह टेंडर स्वीकृत हुआ। निर्माण कंपनी को वर्क आर्डर जारी कर 4.21 करोड़ रुपये जमानत राशि जमा कराने को कहा गया है। यह प्रक्रिया अभी अंडर प्रोसेस है, लेकिन कंपनी ने पुल निर्माण के लिए धरातल पर आकर मोर्चा संभाल लिया है, और तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी को पुल का निर्माण 24 माह के अंदर करना है। ऐसा होगा पुल
पानीपत-छपरौली के बीच यमुना पर हाई लेवल ब्रिज बनेगा। 942.500 मीटर लंबा, जबकि 14 मीटर चौड़ा होगा। पुल पर आने-जाने के लिए रास्ता 11 मीटर चौड़ा होगा। इसके अलावा 1.50 मीटर चौड़ा फुटपाथ और क्रेश बैरियर 1.50 मीटर होगा। ब्रिज पर 16 पोल बनाए जाएंगे। पुल हरियाणा के हिस्से में नेशनल हाईवे नंबर एक और यूपी में दिल्ली यमुनोत्री हाईवे को जोड़ेगा। ब्रिज हरियाणा के खोजकीपुर कलां, खोजकीपुर खुर्द, आट्टा, बिलासपुर, हथवाला गांव और यूपी के टांडा, नांगल, कुरड़ी और छपरौली को सीधा जोड़ेगा। यह पुल हरियाणा के समालखा में नेशनल हाईवे नंबर-वन से कनेक्ट होगा और दूसरी तरफ यूपी के छपरौली बड़ौत रोड पर दिल्ली यमुनोत्री हाईवे से कनेक्ट होगा। कम नहीं थी अड़चनें
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बिलासपुर-छपरौली यमुना हाई लेवल ब्रिज की आधारशिला 22 दिसंबर 2016 को समालखा बिलासपुर गांव में रखी थी, लेकिन बिलासपुर में इतनी जमीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में ब्रिज को सिरे पर चढ़ाने के लिए आट्टा गांव के रेवेन्यू रास्ते से पुल को जोड़ने की योजना तैयार की गई। आट्टा गांव को जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क समालखा से पहले ही कनेक्ट थी। ग्राम पंचायत आट्टा ने ग्राम सभा में यमुना पुल के लिए नि:शुल्क जमीन देने का प्रस्ताव दिया था। इस जमीन के मिलने के बाद जमीन को लेकर कुछ अड़चन यूपी की तरफ आई। हाई लेवल कमेटी ने इसी सप्ताह चंडीगढ़ में इस प्रस्ताव को फाइनल किया। अब इसका टेंडर हो गया है।