जिलाध्यक्ष बोले, भ्रष्टाचारी अधिकारी व कर्मचारी को नहीं रहने दिया जाएगा
तहसील में भाजपा नेता ओमवीर सिंह को बंधक बनाकर पीटने पर एसडीएम अनुभव सिंह से मिले।
बागपत, जेएनएन। तहसील में भाजपा नेता ओमवीर सिंह को बंधक बनाकर पीटने पर एसडीएम अनुभव सिंह के कार्यालय में करीब पांच घंटे हाई वोल्टेज ड्रामा चला। भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर हंगामा किया और चेतावनी दी कि उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो अनिश्चित कालीन धरना दिया जाएगा। आखिर में अफसरों को उनकी मांग माननी पड़ी। शाम तीन बजे लेखपाल को निलंबित किया गया। उसके बाद ही भाजपाई शांत हुए।
इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ने कहा कि बागपत में कुछ अफसर व कर्मचारी बेलगाम हो रहे हैं। जब पार्टी के पदाधिकारी से ही रिश्वत का विरोध करने पर मारपीट कर दी गई, तो आम जनता के साथ क्या होगा। ऐसे अधिकारी व कर्मचारी सरकार को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। भ्रष्टाचारी अधिकारी व कर्मचारी को बागपत में नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री धर्मसिंह सैनी और बागपत के विधायक योगेश धामा को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी शिकायत की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले कानून व्यवस्था खराब थी, इसलिए दो पुलिस अफसरों का ट्रांसफर कराया गया था। दो भाजपाइयों में नोकझोंक हुई
भाजपा नेता जसवीर सोलंकी ने एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम आफिस में चले गए। जब वह बाहर आए, तो अन्य भाजपाई भड़क गए। इस बीच भाजपाईयों में आपस में खूब नोकझोंक हुई। भाजपा नेता ने लेखपाल से की अभद्रता : श्योरण सिंह
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की उप शाखा तहसील बागपत के जिलाध्यक्ष श्योरण सिंह यादव का कहना है कि भाजपा नेता ओमवीर धामा ने लेखपाल सुरेंद्र सिंह से तहसील के गेट पर ही अभद्रता की। लेखपाल को निलंबित करने के विरोध में आपातकालीन बैठक शुक्रवार को तहसील में होगी। पहले कार्रवाई, फिर होगी जांच
एडीएम अमित कुमार सिंह व एसडीएम अनुभव सिंह ने कहा कि मामले की जांच कर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस पर भाजपाईयों ने कहा कि पहले लेखपाल को निलंबित करो, फिर जांच करना। ये रहे मौजूद
इस मौके पर भाजपा नेता सर्वदमन त्यागी, जयकुमार, सुधीर ठाकुर, सुधारस चौहान, विनोद शर्मा, संजीव, शेरसिंह, कुलदीप भारद्धाज, संजय उपाध्याय, जयप्रकाश मलिक, अमित जैन, विनय त्यागी, सुदेश चौहान आदि मौजूद रहे।