यूपी ट्रेड शो में बागपत के घेवर का जादू, 600 रुपये किलो में बिक रही सावन की खास मिठाई
बागपत का घेवर यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो नोएडा में 600 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है, जहाँ यह लोगों का ध्यान खींच रहा है।

HighLights
बागपत का घेवर यूपी ट्रेड शो में 600 रुपये/किग्रा बिक रहा।
एक जिला-एक व्यंजन योजना में घेवर ने धूम मचाई।
ताजा घेवर बनता देख लोग आकर्षित, स्वाद की सराहना।
जागरण संवाददाता, बागपत। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो नोएडा में बागपत का घेवर धूम मचा रहा है। एक जिला-एक व्यंजन योजना के पवेलियन में बागपत के स्टाल पर पहुंच रहे लोग पहले घेवर बनता देख रहे हैं और फिर उसका स्वाद ले रहे हैं।
दिल्ली, गुरुग्राम और गाजियाबाद से आए लोगों ने घेवर की कुरकुराहट और खोया की परत को पसंद किया। सावन की मिठाई घेवर को सितंबर में बनता देख सुखद हैरानगी का अहसास हो रहा है।
हर मौसम में घेवर की उपलब्धता
अमीनगर सराय निवासी ईश्वर दयाल अग्रवाल के परिवार में तीन पीढ़ियों से घेवर बनाने का कारोबार है। इस परिवार के दीपक गोयल ट्रेड शो में स्टाल का संचालन कर रहे हैं। यहां आने वाले कुछ लोग घेवर देख सवाल करते हैं कि सावन में मिलने वाली मिठाई अब कैसे बन रही। तब दीपक गोयल जवाब देते हैं कि बागपत में घेवर की मांग केवल सावन तक सीमित नहीं। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लोगों को हर मौसम में घेवर की उपलब्धता की जानकारी मिल रही है।
दिल्ली की सोनाली, गुरुग्राम की रवीना कश्यप और गाजियाबाद के धर्मेंद्र भारद्वाज समेत ट्रेड शो में पहुंचे लोगों ने घेवर का स्वाद लिया। लोगों ने स्टाल पर रुककर घेवर बनाने की प्रक्रिया भी देखी। लोग विशेष तरीके से घेवर बनता देख उत्साहित दिखाई दिए। पहली बार एक जिला एक व्यंजन के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों के प्रसिद्ध व्यंजन को ट्रेड शो में जगह दी गई। बागपत से घेवर को इसमें शामिल किया गया है।
सामने बन रहा ताजा घेवर
ट्रेड शो में बागपत से पांच कारीगर स्टाल पर ही लोगों के सामने ताजा घेवर तैयार कर रहे हैं। इससे लोगों की उत्सुकता बढ़ रही है। दीपक गोयल के न बताया कि बिक्री हो रही है और यहां घेवर 600 रुपये किलो की दर से बेचा जा रहा है।
घेवर की खासियत बताते हुए उन्होंने कहा कि शुद्ध दूध से तैयार खोये का इस्तेमाल स्वाद को अलग पहचान देता है। नीचे का कुरकुरा हिस्सा और ऊपर जमी खोया परत इसकी विशेषता है।
यह भी पढ़ें- लिट्टी-चोखा और लहसुन वाले छोले-समोसे ने जीता विदेशी मेहमानों का दिल, यूपी ट्रेड शो में कन्नौज का इत्र भी छाया
यह भी पढ़ें- यूपी ट्रेड शो में छाया 75 जिलों की महिला उद्यमियों का हुनर, पारंपरिक उत्पादों को मिल रहा बड़ा बाजार
