विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लिट्टी-चोखा और लहसुन वाले छोले-समोसे ने जीता विदेशी मेहमानों का दिल, यूपी ट्रेड शो में कन्नौज का इत्र भी छाया

Published: Mon, 28 Sep 2026 04:25 PM (IST)

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में गोरखपुर के लिट्टी-चोखा और लहसुन वाले छोले-समोसे ने विदेशी मेहमानों को खूब आकर्षित किया, जहां तीन दिन में लाखों की बिक्री हुई।

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में खरीदारी करने के लिए उमड़े लोग। सौरभ राय

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में खरीदारी करने के लिए उमड़े लोग। सौरभ राय

HighLights

  1. गोरखपुर के लिट्टी-चोखा ने तीन दिन में लाखों की बिक्री की।

  2. विदेशी मेहमानों को लहसुन वाले छोले-समोसे का स्वाद खूब भाया।

  3. कन्नौज का इत्र और प्राकृतिक उत्पाद वैश्विक पहचान बना रहे।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के फूड कोर्ट में गोरखपुर के लिट्टी-चोखा और लहसुन वाले छोले-समोसे का स्वाद लोगों को खूब भा रहा है। एक बार चखने के बाद विदेशी मेहमान भी इसके मुरीद हो रहे हैं।

भीड़ उमड़ रही

एक्सपो मार्ट में कारोबारी माहौल के बीच पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लोगों को खींच रहे हैं। गोरखपुर से दो स्टॉल लगे हैं। मेसर्स बाटी-चोखा के गंगाधर दूबे का लिट्टी-चोखा स्टॉल और मेसर्स चंद्रकेश हलवाई के चंद्रकेश प्रजापति का लहसुन वाले छोले-समोसे का स्टॉल। दोनों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ रही है।

गंगाधर दूबे ने बताया कि तीन दिन में करीब तीन लाख रुपये की बिक्री हो चुकी है। विदेशी मेहमान भी लिट्टी-चोखा का स्वाद लेकर दोबारा आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिट्टी-चोखा को ओडीओसी में शामिल कर देसी स्वाद को वैश्विक पहचान दी है। वहीं चंद्रकेश प्रजापति का लहसुन वाला छोला समोसा नया ट्रेंड सेंटर बन गया है।

इत्र की खुशबू ने मन मोह लिया

वहीं, शो में कन्नौज के इत्र की खुशबू ने सबका मन मोह लिया है। 1907 से चली आ रही सुगंध की परंपरा अब पारंपरिक इत्र से आगे बढ़कर प्राकृतिक और आर्गेनिक लाइफस्टाइल से जुड़ रही है।

ट्रेड शो में कन्नौज की पांचवीं पीढ़ी अपनी विरासत को नए अंदाज में पेश कर रही है। स्टॉल पर गुलाब जल, पंचपुष्प जल, पंचपुष्प अत्तर, पारंपरिक अत्तर और एसेंशियल आयल्स की पूरी रेंज है।

उत्पादों का संगम देखने को मिला

इसके साथ आर्गेनिक हेयर और स्किन केयर प्रोडक्ट्स और अरोमाथेरेपी सेल्फ-केयर गिफ्ट बाक्स भी लोगों को खूब भा रहे हैं। एक ही मंच पर पारंपरिक इत्र निर्माण की विरासत और आधुनिक प्राकृतिक उत्पादों का संगम देखने को मिल रहा है।

खरीदार गुलाब जल से लेकर पंचपुष्प अत्तर तक की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। अमरनाथ मिश्रा एंड कंपनी के प्रमुख अमिताभ मिश्रा ने बताया कि सभी उत्पाद प्राकृतिक और आर्गेनिक फार्मूलेशन से तैयार किए जाते हैं, जो केमिकल फ्री हैं।

कंपनी की पार्टनर डॉ. रत्ना मिश्रा ने बताया कि पीएम मोदी और सीएम योगी के प्रयास से लगे यूपीआइटीएस में उन्हें बी2बी ग्राहकों से जुड़ने और नया कारोबार पाने का बड़ा मौका मिला है। कन्नौज का इत्र अब लोकल से ग्लोबल हो रहा है।

यह भी पढ़ें- यूपी ट्रेड शो में छाया 75 जिलों की महिला उद्यमियों का हुनर, पारंपरिक उत्पादों को मिल रहा बड़ा बाजार