विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऐ पाल्ले की बहू, वोट बनवा ली के, इब संसद जाणै की बारी स... महिलाओं में चूल्हा-चौका से राजनीति तक पर चर्चा

By Zaheer Hasan Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 29 Nov 2026 04:19 PM (IST)

बागपत में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान ग्रामीण महिलाओं में राजनीतिक जागरूकता और वोट की ताकत पर गहरी चर्चा देखने को मिली। मोदी सरकार द्वारा महिलाओं को लोकसभा में आरक्षण देने की संभावना पर भी बात हुई, जिसमें बुजुर्ग महिलाओं ने अपनी बहू-बेटियों को वोट बनवाने के लिए प्रेरित किया।

सरूरपुर कलां गांव में बूथ पर ग्रामीणों से बात करते बीएलओ और पीछे वोट को लेकर बात करतीं महिलाएं। सौ. ग्रामीण

सरूरपुर कलां गांव में बूथ पर ग्रामीणों से बात करते बीएलओ और पीछे वोट को लेकर बात करतीं महिलाएं। सौ. ग्रामीण

HighLights

  1. मतदाता अभियान के दौरान महिलाओं में राजनीतिक जागरूकता की चर्चा।

  2. ग्रामीण महिलाओं ने वोट की ताकत और आरक्षण पर खुलकर बात की।

  3. मोदी सरकार के महिला आरक्षण बिल पर महिलाओं ने विचार व्यक्त किए।

जागरण संवाददाता, बागपत। विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथों पर लगे कैंपों में सिर्फ कागजी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि चौपाल जैसी देसी अंदाज में होती आपसी चर्चा में राजनीतिक समझ देखने को मिली।

सिसाना में वृद्ध महिला घूंघट की ओट में खड़ी बहू को देखते ही बोलीं कि पाल्ले की बहू! वोट बनवा ली क्या...मोदी जी प्रधानी की तरह लोकसभा में महिलाओं को सीट देने जा रहे हैं। अम्मा के अंदाज ने न केवल वोट की ताकत का गणित समझा दिया बल्कि ग्रामीण महिलाओं की राजनीतिक जागरूकता की रोचक तस्वीर भी सामने ला दी। शनिवार को बागपत में 1049 बूथों पर नई वोट बनवाने, कटवाने तथा संशोधन कराने का कार्य हुआ। सरूरपुरकलां में पंचायत घर पर बने बूथ पर 80 वर्षीय सावित्री आते ही बीएलओ से बोलीं...लाल्ली! म्हारी वोट तो नहीं कटी...देखकर बता दों। तब पास खड़ा युवक बोला कि दादी जी वोट की बड़ी चिंता है...।

वृद्धा ने तपाक से सवाल दागा कि तुम क्या जानो वोट की ताकत? एक-एक वोट से ही तो चौधरी साहब (स्व.चरण सिंह) प्रधानमंत्री बने थे। वहीं रूबी को देख सविता हंसकर बोलीं कि बहन विदेश गईं थी क्या...जो महीनों बाद दिखीं हो। रुबी ने तपाक से जवाब दिया कि बच्चे कामयाब हो जाएंगे तो विदेश भी घूम आऊंगी...। चाय-नाश्ते से शाम की रोटी बनाने में ही दिन का पता नहीं चलता। वोट चेक करने आईं हूं, वरना घर से कहां निकलना होता है।

सविता हंसकर बोलीं कि अच्छा! महिला आरक्षण का फायदा उठा संसद जाने का इरादा है। तभी समाज सेवी सुभाष नैन ने नई वोट बनाने के लिए 20 युवाओं के फार्म भरवाकर जमा कराएं। सिसाना गांव के पीएम श्री विद्यालय में बूथ पर महिलाओं की कतार लगी है। वोट देखने आईं वृद्धा पास में ही घूंघ की ओट में खड़ी महिला को देखकर बोलीं कि तू तो पाल्ले की बहू है। घूंघट में पहचान नहीं पाई...आवाज सुनकर पहचानी हूं तुम्हें। घूंघट हमारे जमाने में था...अब कोई घूंघट में दिखता है क्या? फिर तू काहे घूंघट के पीछे छिपी है।

वोट बनवा ली क्या...मोदी जी प्रधानी की तरह महिलाओं को लोकसभा में आरक्षण देंगे। तब घूंघट में खडी बहू बोलीं कि अम्मा तुम्हें कैसे पता? वृद्धा ने तपाक से जवाब दिया कि सुबह छोटे बेटे की बहू अखबार पढ़कर बता रहीं थीं कि औरतों के हक में मोदी जी बड़ा काम करने जा रहे हैं...। तब शिक्षा मित्र पूनम आकर बीएलओ पूनम से बोलीं कि मैडम मेरी वोट पुराने मकान की जगह नए मकान में शिफ्ट में मत करना...सास-ससुर का दिया मकान है जिससे भावनात्मक लगाव है।

आंगनबाडी कार्यकर्ता बबीता, राखी, गीता व संगीता कुछ फार्म बीएलओ को थमाते हुए बोलीं कि एक तो लोगों की वोट बनवाओ और ऊपर से इनकी चक-चक सुनो। बीएलओ कुसलता चौहान ने समझाया कि आप घर-घर जाकर लोगों को वोट बनवाने के लिए प्रेरित करने का अच्छा काम कर रहीं हो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।